उत्तराखण्ड
लालढाठ क्षेत्र में चोरों का आतंक जारी, बरसात की रात फिर दुकान के ताले तोड़े

लालढाठ क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में भारी रोष व्याप्त है। बीती रात बारिश का फायदा उठाकर चोरों ने एक बार फिर दुकान के ताले तोड़ने का प्रयास किया। घटना का एक संदिग्ध सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें वह दुकान के ताले तोड़ता हुआ दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी क्षेत्र में चोरी और ताले तोड़ने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि रात में नियमित गश्त होती तो इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि लालढाठ क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए तथा व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन चोरों के बढ़ते आतंक पर कब तक प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर पाता है।
