उत्तराखण्ड
छह घंटे से भी कम समय में बच्चों ने बनाया आठ फीट ऊंचा रावण, रामलीला मंचन के बाद किया दहन

देहरादून। कालिदास रोड स्थित आईआईआरएस कॉलोनी में दशहरा पर्व के अवसर पर बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ रावण दहन किया। भगवान श्रीराम के जयकारों के बीच रावण के पुतले का दहन किया गया। इसके बाद कॉलोनी के निवासियों ने एक-दूसरे को दशहरे की शुभकामनाएं दीं।
इस आयोजन का खास आकर्षण बच्चों द्वारा तैयार किया गया आठ फीट ऊंचा रावण का पुतला रहा। अधिश्री शर्मा, अन्वी पांडे, अनीशा, निहारिका, भव्या, तान्या सिंह, अरंगम शर्मा और वेदांत सिंह ने मिलकर छह घंटे से भी कम समय में इस पुतले का निर्माण किया। बच्चों की मेहनत, रचनात्मकता और सामूहिक प्रयास ने आयोजन को यादगार बना दिया।
रावण दहन से पहले सोमवार को बच्चों ने रामलीला का मंचन भी किया था। उन्होंने भगवान श्रीराम की लीला का मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके बाद रावण दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।
कॉलोनी में बच्चों की इस पहल की सराहना की गई। आयोजन ने न केवल दशहरे की परंपरा को जीवंत किया, बल्कि बच्चों में आपसी सहयोग, सांस्कृतिक मूल्यों और भारतीय परंपराओं के प्रति उत्साह को भी प्रदर्शित किया।





