उत्तराखण्ड
दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत चार गिरफ्तार

बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की कर रहे थे मांग, हत्या को आत्महत्या दिखाने का भी प्रयास
रामनगर। दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में रामनगर पुलिस ने मृतका के पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास करने का भी आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा गहन विवेचना की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम बुढनपुर निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर 2026 को कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र निवासी उवेश के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। आरोप है कि विवाह में सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे।
तहरीर के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रामनगर द्वारा की जा रही है।
विवाद के दौरान हत्या करने का आरोप
पुलिस की पूछताछ और विवेचना में सामने आए तथ्यों के अनुसार, कोहिनूर और उसके पति के बीच दहेज की रकम और पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए। पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। इसके बाद उसके हाथ-पैर पकड़े गए और गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस का आरोप है कि घटना के बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया और उसके आत्महत्या करने की बात प्रचारित की गई।
एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पति उवेश (22), सास नसरीन (50), जेठ अनस (23) और ननद शबा (20), सभी निवासी खताड़ी क्षेत्र, रामनगर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम का परीक्षण किया जा रहा है। अन्य व्यक्तियों की भूमिका और अतिरिक्त साक्ष्यों के संबंध में भी विवेचना जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को 2,500 रुपये का पुरस्कार
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी छोई देवेंद्र सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक सोमेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भंडारी और महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।





