उत्तराखण्ड
रामनगर में महिला की निर्मम हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

रामनगर। नैनीताल जनपद के रामनगर क्षेत्र के ग्राम किशनपुर छोई में 56 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना सामने आई है। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट कर उसकी हत्या की और बाद में शव को वाहन से घटनास्थल के पास फेंक दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पूरे मामले का खुलासा किया।
जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से रामनगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, उम्र 56 वर्ष, निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में मुकदमा संख्या 356/2026 के तहत धारा 332(सी), 103(1) एवं 352 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आई आरोपियों की करतूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद आरोपियों को वाहन से महिला का शव घटनास्थल के पास फेंकते हुए भी देखा गया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान की।
पिता की हत्या का बदला लेने की भावना से रची साजिश पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल के मन में अपने पिता गोविंद सिंह की पूर्व में हुई हत्या को लेकर रंजिश थी। इसी रंजिश और बदले की भावना के चलते उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य दो आरोपियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे क्षेत्र से फरार होने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपी ###,,1. मोहित फर्त्याल (32 वर्ष), निवासी किशनपुर छोई, रामनगर। 2. सैरान (21 वर्ष), निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी, रामनगर।।3. मोहम्मद अब्बूजर (22 वर्ष), निवासी खताड़ी, रामनगर। हत्या में प्रयुक्त सामान और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर, घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या UK04 AN 6012 तथा मृतका के पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया है।
एसएसपी ने पुलिस टीम को किया पुरस्कृत
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने में रामनगर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
पुलिस की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सोन सहित रामनगर, कालाढूंगी, पीरूमदारा, छोई, मालधन और कोटाबाग पुलिस चौकियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रामनगर में हुई इस घटना ने क्षेत्र में महिला सुरक्षा और आपराधिक घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।







