उत्तराखण्ड
उत्तराखंड की समस्याओं के समाधान के लिए दिल्ली में मंथन, पांचवीं अनुसूची और मूलनिवास के मुद्दे पर एकजुट हुए सामाजिक संगठन

नई दिल्ली। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों की ज्वलंत सामाजिक, आर्थिक एवं संवैधानिक समस्याओं के समाधान को लेकर उत्तराखंड एकता मंच के तत्वावधान में 22 नवंबर को उत्तराखंड सदन, नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड से जुड़े देशभर में सक्रिय दस से अधिक सामाजिक एवं संगठनों के लगभग 35 पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर प्रदेश के भविष्य, स्थानीय समुदायों के अधिकारों तथा पर्वतीय क्षेत्रों के संरक्षण को लेकर गंभीर मंथन किया। बैठक में उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, जंगली जानवरों से खेती और ग्रामीण जनजीवन को हो रहे नुकसान तथा तेजी से बढ़ते पलायन जैसे गंभीर मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि इन समस्याओं के चलते पर्वतीय क्षेत्रों की सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। रोजगार के सीमित अवसरों और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में गांवों से लोगों का पलायन लगातार बढ़ रहा है, जिससे स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और पहाड़ों की पहचान पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
पांचवीं अनुसूची, जनजातीय दर्जे और मूलनिवास पर विशेष चर्चा बैठक का महत्वपूर्ण पक्ष भारतीय संविधान की पांचवीं अनुसूची, उत्तराखंड के लिए जनजातीय दर्जे तथा मूलनिवास से जुड़े विषय रहे। उत्तराखंड एकता मंच के राष्ट्रीय संयोजक अनूप बिष्ट ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से इन विषयों से संबंधित संवैधानिक प्रावधानों, उनके संभावित महत्व और पर्वतीय क्षेत्रों के संरक्षण में उनकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी साझा की।
उन्होंने स्थानीय समुदायों के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण और उत्तराखंड की विशिष्ट सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिस्थितियों के अनुरूप नीतिगत व्यवस्था की आवश्यकता पर अपना पक्ष रखा। प्रतिनिधियों ने भी इन मुद्दों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि उत्तराखंड की समस्याओं का समाधान केवल अस्थायी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए दूरगामी सोच और अधिकार आधारित व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता है। सामूहिक प्रयासों से सरकार तक पहुंचेगी आवाज बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने पांचवीं अनुसूची, जनजातीय दर्जे और मूलनिवास से जुड़े विषयों को व्यापक स्तर पर उठाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सहमति जताई। निर्णय लिया गया कि इन मांगों के संवैधानिक एवं तथ्यात्मक पहलुओं को शामिल करते हुए एक विस्तृत ज्ञापन तैयार किया जाएगा, जिसे राज्य एवं केंद्र सरकार को सौंपकर आवश्यक संवैधानिक और नीतिगत कार्रवाई की मांग की जाएगी।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए जल, जंगल, जमीन, स्थानीय संस्कृति, भाषा, रोजगार और ग्रामीण जनजीवन से जुड़े मुद्दों को एक व्यापक दृष्टिकोण के साथ उठाना होगा। इसके लिए सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उत्तराखंड एकता मंच ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की पहचान, स्थानीय समुदायों के अधिकारों और पर्वतीय क्षेत्रों के अस्तित्व से जुड़े विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही संगठित प्रयासों को आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक के अंत में संगठन की ओर से एकजुट होकर उत्तराखंड के हितों के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।डॉ. विक्रम सिंह माहोड़ी संगठन प्रभारी, उत्तराखंड एकता मंच एकजुट – एकमुट | अपनी पहचान • अपने अधिकार • अपना स्वाभिमान







