उत्तराखण्ड
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पाटकोट और रामपुर में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, अकेले रहने वाले बुजुर्गों की नियमित कुशलक्षेम लेने के निर्देश;



हलद्वानी /कोटाबाग के दूरस्थ गांवों में पहुंचे एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, बुजुर्गों से किया सीधा संवाद, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पाटकोट और रामपुर में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, अकेले रहने वाले बुजुर्गों की नियमित कुशलक्षेम लेने के निर्देश;
पोलियो बूथ पहुंचकर बच्चों को पिलाई खुराक।अकेले रहने वाले बुजुर्गों की कुशलक्षेम जानने के लिए चौकी प्रभारियों को दिए नियमित संपर्क के निर्देश, पोलियो बूथ पहुंचकर बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रविवार को कोटाबाग के दूरस्थ पाटकोट एवं रामपुर क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, बुजुर्ग महिलाओं एवं पुरुषों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।
भ्रमण के दौरान एसएसपी ने बुजुर्गों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि नैनीताल पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, असुरक्षा अथवा आपात स्थिति में ग्रामीण सीधे पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए उन्होंने ग्रामीणों को चौकी प्रभारी कोटाबाग एवं चौकी प्रभारी बैलपड़ाव के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल पुलिस सहायता मिल सके। इस दौरान ग्राम प्रधान श्री रमेश चंद्र सहित अन्य ग्रामीणों से भी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। अकेले रहने वाले बुजुर्गों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संबंधित चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों से नियमित रूप से संपर्क बनाए रखें और समय-समय पर उनके घर जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछें। विशेष रूप से ऐसे बुजुर्ग महिला एवं पुरुष, जो अकेले रहते हैं या जिनके परिवार के सदस्य उनके साथ नहीं रहते, उनकी जरूरतों और समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस द्वारा उन्हें यथासंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि बुजुर्गों के साथ संवाद केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि उनकी वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम भी उठाए जाएं। पोलियो बूथ पहुंचकर बच्चों को पिलाई खुराक इसके उपरांत एसएसपी नैनीताल पीएसपी हॉस्पिटल में आयोजित पोलियो अभियान के तहत संचालित पोलियो बूथ पर पहुंचे। यहां उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और उनके अभिभावकों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों से भी संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी प्राप्त की। साइबर ठगी को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक ग्रामीणों से बातचीत के दौरान एसएसपी ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने बताया कि नैनीताल पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने ग्रामीणों को अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी निवेश योजनाओं और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस दौरान उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा, चौकी प्रभारी कोटाबाग, उपनिरीक्षक राजवीर सिंह नेगी, चौकी प्रभारी बैलपड़ाव सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
पुलिस का यह जनसंवाद अभियान दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, पुलिस के प्रति विश्वास और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।







