उत्तराखण्ड
SAM के मंच से युवाओं में जगेगी आध्यात्मिक चेतना, स्वामी विवेकानंद के विचारों से मिलेगा राष्ट्र निर्माण का संदेश
हल्द्वानी में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की अनूठी पहल; 20 लाख से अधिक युवाओं तक पहुंच बना चुका है SAM, अभिनेता एवं कॉमेडियन सिद्धार्थ सागर भी देंगे विशेष प्रस्तुति

SAM परम पूज्य श्री आशुतोष महाराज जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में संचालित एक विशेष पहल है। पिछले 17 वर्षों में SAM ने देश के 35 से अधिक शहरों में 20 लाख से अधिक युवाओं तक अपनी पहुंच बनाई है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, रचनात्मक गतिविधियों और अनुभवात्मक मंचों के माध्यम से यह अभियान युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।
नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने इस पहल को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि युवा शक्ति का सही मार्गदर्शन, आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ाव और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का अनुसरण ही एक सशक्त, संस्कारित एवं आत्मनिर्भर समाज की नींव है। स्वामी विवेकानंद ने सदैव युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और देश व समाज के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी प्रत्येक युवा के लिए प्रेरणास्रोत हैं। चरित्र निर्माण, अनुशासन, सेवा भावना और दृढ़ संकल्प के माध्यम से ही एक बेहतर राष्ट्र का निर्माण संभव है। आज आवश्यकता है कि युवा आधुनिकता और विकास के साथ अपनी संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों से भी जुड़े रहें।सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सिद्धार्थ सागर होंगे आकर्षण का केंद्र कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में SAM का फ्यूजन बैंड ‘Eternal Bliss’ और SAM का परफॉर्मिंग आर्ट ग्रुप ‘Eternal Splendor’ अपनी विशेष प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त भारतीय टेलीविजन अभिनेता एवं कॉमेडियन सिद्धार्थ सागर भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होकर अपनी प्रस्तुति और संवाद के माध्यम से युवाओं का मनोरंजन करेंगे। कार्यक्रम में गेस्ट टॉक, भजन क्लबिंग तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
आयोजकों का उद्देश्य युवाओं को केवल मनोरंजन का मंच उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने, सकारात्मक सोच विकसित करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देना है।
विकसित भारत @2047 के संकल्प में युवाओं की भागीदारी जरूरी
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने युवाओं से आह्वान किया कि वे विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में अपनाते हुए जागरूक, चरित्रवान, जिम्मेदार और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा, आध्यात्मिक चेतना और सामूहिक प्रयास ही ऐसे भारत की नींव रखेंगे, जो आध्यात्मिक रूप से समृद्ध, सांस्कृतिक रूप से गौरवशाली, सामाजिक रूप से सशक्त और विकास के प्रत्येक ।क्षेत्र में अग्रणी हो।







