उत्तराखण्ड
अब्दुल कादिर को आम आदमी पार्टी ने सौंपी हल्द्वानी विधानसभा समन्वयक की जिम्मेदारी, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों से प्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ेगी। साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी।
विधानसभा समन्वयक की जिम्मेदारी मिलने पर अब्दुल कादिर ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, उत्तराखंड प्रभारी महेंद्र यादव, सह प्रभारी युवराज भारद्वाज एवं अनुज पाल, तारीफ सिंह, कप्तान कपिल शर्मा, भगवंत बिष्ट तथा प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया सहित पार्टी के समस्त वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया।
अब्दुल कादिर ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनकी प्राथमिकता हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करना, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना रहेगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। इसलिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर सामूहिक रूप से संगठन के विस्तार के लिए काम किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर मेहनत करनी होगी। संगठनात्मक एकता, जनसंपर्क और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए पार्टी को नई मजबूती प्रदान करना उनका लक्ष्य रहेगा।
अब्दुल कादिर ने कहा कि अबकी बार संगठन को पहले से अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर उत्तराखंड में बदलाव की नई इबारत लिखनी है।







