Connect with us

उत्तराखण्ड

गुरु नानक जयंती पर अखिल भारतीय मानव कल्याण ट्रस्ट ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 289 लोगों ने उठाया लाभ

स्वास्थ्य जांच के साथ भंडारे का आयोजन, जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित

बल्लभगढ़। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर अखिल भारतीय मानव कल्याण ट्रस्ट की ओर से सेवा और समर्पण की भावना के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं भंडारे का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन शिव मंदिर, तिरखा कॉलोनी, बल्लभगढ़ में ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. हृदयेश कुमार के नेतृत्व में किया गया। इसमें डॉ. आकाश के सुझाव और आजाद नगर सेक्टर-24 स्थित आकाश क्लिनिक के सहयोग से विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया गया।

शिविर में तिरखा कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे 289 से अधिक लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। इस दौरान लोगों का ब्लड प्रेशर, शुगर, आंखों की जांच और ब्लड टेस्ट किए गए। साथ ही अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं।

शिविर में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और क्षेत्र के अन्य निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से बुजुर्गों और ऐसे लोगों को इसका लाभ मिला, जिन्हें सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पतालों तक पहुंचने में कठिनाई होती है। चिकित्सकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने, संतुलित जीवनशैली अपनाने और बीमारियों के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय निवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया। गुरु नानक देव जी के सेवा, समानता और मानवता के संदेश को आत्मसात करते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक सेवा की भावना विशेष रूप से देखने को मिली।

ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. हृदयेश कुमार ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करवाने वाले सभी वरिष्ठजनों, माताओं-बहनों, युवाओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। वहीं डॉ. छतर सिंह रावत ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों और चिकित्सकों का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना ट्रस्ट की प्राथमिकताओं में शामिल है। मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है और इसी उद्देश्य से ट्रस्ट समय-समय पर ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करता रहेगा, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर डॉ. आकाश क्लिनिक, डॉ. छतर सिंह रावत, डॉ. महेंद्र भारद्वाज, सुबोध कुमार साह, शिव शंकर राय, पंडित वेद प्रकाश पाराशर, आनंद कुमार, ओम प्रकाश गौड़, पंडित तरसेम वत्स, सतपाल सिंह, अशोक मंडल, पुष्पेंद्र सिंह सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page