उत्तराखण्ड
लोकथात महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी की दो बड़ी घोषणाएं, बिन्दुखत्ता में बनेगा 1000 लोगों की क्षमता वाला भव्य सांस्कृतिक भवन






स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में पैतृक गांव में स्कूल और स्टेडियम सहित सभी प्रस्तावित कार्य कराने का आश्वासन, राजस्व गांव के मुद्दे पर भी वनाधिकार समिति से की चर्चा
बिन्दुखत्ता (लालकुआं), 23 नवंबर। उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं को समर्पित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से बिन्दुखत्ता क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद जगी है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल, स्टेडियम सहित जिन दो-तीन विकास कार्यों की मांग रखी गई है, उन सभी को पूरा कराया जाएगा। इसके साथ ही बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाले विशाल सांस्कृतिक हॉल का निर्माण किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर और स्थायी मंच उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर तथा स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिन्दुखत्ता को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि लोकथात जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लोकगायक प्रहलाद दा के गीतों में झलकता था पहाड़ का वास्तविक जीवन मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय प्रहलाद दा केवल एक लोकगायक नहीं थे, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, सामाजिक परिस्थितियों, महिलाओं के संघर्ष और युवाओं की पीड़ा की वास्तविक तस्वीर दिखाई देती थी। उन्होंने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से प्रहलाद दा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का सशक्त संदेश दिया, वहीं ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीत में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की भावना को अभिव्यक्त किया। उनके गीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं थे, बल्कि समाज को जागरूक करने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का सशक्त माध्यम भी थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और विचार जीवित रहें। प्रहलाद दा ने अपने गीतों के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने उनके परिवार, विशेषकर उनके सुपुत्रों और प्रशंसकों की सराहना की, जो उनकी स्मृतियों को जीवंत रखते हुए उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।लोकभाषा और परंपराओं को बचाने का संदेश मुख्यमंत्री ने लोकथात शब्द की व्याख्या करते हुए कहा कि लोक का अर्थ हमारी जनता और थात का अर्थ हमारी विरासत एवं धरोहर है। तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित करना तथा उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत रहती हैं। जिस प्रकार कोई पेड़ जितना ऊंचा होता है, उसकी जड़ें उतनी ही गहरी होती हैं, उसी प्रकार लोकसंस्कृति हमारी पहचान की मजबूत जड़ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल यहां की प्राकृतिक सुंदरता से नहीं, बल्कि इसकी समृद्ध संस्कृति, लोकभाषाओं, परंपराओं और लोकजीवन से भी है। आधुनिकता के इस दौर में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़कर रखने के लिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों की विशेष आवश्यकता है। विकास के साथ विरासत संरक्षण पर सरकार का जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। एक ओर प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ की तर्ज पर मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत प्रदेश के ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों और निर्णयों का उल्लेख करते हुए समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सख्त भू-कानून को राज्य के महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई, अवैध निर्माणों पर कार्रवाई और ऑपरेशन कालनेमि का भी उल्लेख किया।
लालकुआं विधानसभा में करोड़ों की विकास योजनाओं का किया उल्लेख मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में संचालित और पूर्ण हो चुकी विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि 7 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किनायल में पुल का निर्माण पूरा किया गया है। शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनकर तैयार हो चुका है। विजयपुर गौला पार में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू हो गया है। वहीं सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण की दिशा में भी कार्यवाही की जा रही है।उन्होंने कहा कि बिन्दुखत्ता में पिछले लगभग 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत नए विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और लाइनें बिछाई जा रही हैं। लालकुआं क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज का दर्जा दिया गया है। गौला और नन्धौर नदियों से होने वाले कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं पर काम किया जा रहा है। जंगल से सटे क्षेत्रों में जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है। बिन्दुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के मुद्दे पर ठोस कार्रवाई का भरोसा कार्यक्रम के दौरान बिन्दुखत्ता को राजस्व गांव बनाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। मुख्यमंत्री ने वनाधिकार समिति बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों के साथ इस विषय पर विस्तार से चर्चा की और आश्वस्त किया कि सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में भारत सरकार से भी लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिन्दुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाना क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षा है। सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है और इसके समाधान के लिए प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल नई परियोजनाएं शुरू करना नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना भी है। सरकार समस्याओं को टालने के बजाय उनके समाधान में विश्वास रखती है। लोक कलाकारों को किया सम्मानित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की लोककला और संस्कृति को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया। इस दौरान लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोक कलाकार हमारी सांस्कृतिक पहचान के संवाहक हैं। उनके योगदान से उत्तराखंड की लोकपरंपराएं देश-दुनिया तक पहुंच रही हैं। ऐसे कलाकारों को सम्मान देना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का ‘विकल्प रहित संकल्प’ है कि लालकुआं विधानसभा सहित प्रदेश का कोई भी क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे और उत्तराखंड विकास के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान स्थापित करे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, लोक कलाकार कमल मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।







