उत्तराखण्ड
कल से हल्दवानी में राष्ट्रीय सरस मेले की तैयारियां तेज, 250 स्टॉलों पर दिखेगी देशभर के उत्पादों की झलक




*हल्द्वानी, 23 नवंबर। हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने जा रहे राष्ट्रीय सरस मेला 2026-27 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले को भव्य और व्यवस्थित रूप देने के लिए सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस राष्ट्रीय स्तर के मेले में देशभर से स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण महिला उद्यमियों, कारीगरों और स्थानीय उत्पादकों की सहभागिता रहेगी। मेले में करीब **250 स्टॉल लगाए जाएंगे**, जहां विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, ग्रामीण उद्यमों और स्थानीय व्यंजनों की झलक देखने को मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मेला स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला कमांडेंट होमगार्ड को 20 होमगार्ड जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टॉलों की स्थापना, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, साफ-सफाई और आगंतुकों के बैठने सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और उद्यमियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही मेले में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवागमन, पार्किंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय सरस मेला ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण मंच है। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले का आयोजन आकर्षक, सुव्यवस्थित और भव्य तरीके से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें पहुंचकर विभिन्न राज्यों के उत्पादों और ग्रामीण हस्तशिल्प से रूबरू हो सकें।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, जिला कृषि अधिकारी संतोषी, जिला खाद्य अधिकारी मनोज कुमार बर्मन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







