उत्तराखण्ड
श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, हजारों श्रद्धालुओं ने छका गुरु का अटूट लंगर






भाई लखविंदर सिंह कैथल वाले, बीबी प्रभलीन कौर एवं भाई गुरप्रीत सिंह मुक्तसर वालों ने गुरबाणी कीर्तन से संगत को किया निहाल
हल्द्वानी। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं मानवता, समानता तथा सेवा का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व आज हल्द्वानी में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु महाराज के समक्ष शीश नवाया और गुरबाणी कीर्तन का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान गुरबाणी, शबद-कीर्तन और गुरु महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
प्रकाश पर्व के अवसर पर पंथ के महान प्रचारक भाई लखविंदर सिंह जी कैथल वाले, पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनीय बीबी प्रभलीन कौर जी तथा भाई गुरप्रीत सिंह जी मुक्तसर वालों ने अपनी मधुर गुरबाणी और शबद-कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं, उनके जीवन दर्शन और मानवता के प्रति दिए गए संदेशों को संगत के समक्ष प्रस्तुत किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कीर्तन श्रवण कर गुरु भक्ति में लीन नजर आए।
इस दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु का अटूट लंगर छका। लंगर सेवा में सेवादारों ने पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं निभाईं। गुरु घर की परंपरा के अनुसार बिना किसी भेदभाव के सभी श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर लंगर ग्रहण किया। आयोजन में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना विशेष रूप से देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य सेवादार अमरजीत सिंह आनंद एवं सचिव कंवलजीत सिंह उप्पल ने समस्त सम्मानित संगत का स्वागत करते हुए उन्हें जी आया नूं कहा और प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा, आपसी प्रेम, समानता और सद्भाव का संदेश देता है। गुरु साहिब ने समाज को तीन मूल सिद्धांत दिए—किरत करो, नाम जपो और वंड छको। अर्थात ईमानदारी और मेहनत से आजीविका कमाओ, परमात्मा का नाम सिमरन करो और अपनी कमाई व खुशियां जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाओ।
उन्होंने कहा कि आज के समय में भी गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी उनके समय में थीं। यदि प्रत्येक व्यक्ति ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करे, जरूरतमंदों की सहायता करे और समाज में प्रेम एवं भाईचारे की भावना को मजबूत बनाए तो एक बेहतर समाज का निर्माण संभव है। इस दौरान विधायक सुमित हृदयेश के सुपुत्र लक्ष्य शर्मा को सरोपा „देखकर सम्मानित किया गया एवं पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट को सिरोपा देकर नवाजा गया प्रदीप बिष्ट ने कहा कि श्री गुरुनानक देव जी के सिद्धांतों को लेकर आज ऋणी है क्योंकि उन्होंने हमें पाखण्ड से दूर किया,एवं कर्म पर विश्वास पर चलने की प्रेरणा दी उन्होंने कहा आज हजरों लोगों को गुरुद्वारों में लंगर चल रहा है एवं एक गरीब असहाय को एक आस होती है कि गुरुद्वारे में लंगर मिल जाएगा ,एवं उन्होंने सभी सम्मानित प्रदेशवासियों को इस गुरु पर्व की बधाई दी है

कार्यक्रम में अमरजीत सिंह बिंद्रा, सतवंत सिंह, बलबीर सिंह, बबलू कुकरेजा, जसपाल सिंह खालसा, मनमीत कोहली, जसपाल सिंह मालदार, सतपाल सिंह सेठी जसबीर सिंह गोल्डी, परमजीत सिंह पम्मा सहित अनेक सेवादार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रकाश पर्व का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सिख धर्म की सेवा, समर्पण, समानता और मानव कल्याण की परंपरा को भी सशक्त करता नजर आया। संगत ने गुरु महाराज के चरणों में शीश नवाकर सरबत के भले की अरदास की।







