उत्तराखण्ड
गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रोहित आर्या छह माह के लिए जिला बदर

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी नैनीताल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशों पर गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए काठगोदाम क्षेत्र के एक व्यक्ति को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली काठगोदाम क्षेत्र के नवाड़खेड़ा, गौलापार निवासी रोहित आर्या पुत्र प्रेम राम के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उसे छह माह तक जनपद नैनीताल की सीमा से बाहर रहने के आदेश जारी किए गए थे। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह मेहता ने ऑपरेशन प्रहार के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद रोहित आर्या को नियमानुसार जनपद नैनीताल की सीमा से बाहर जिला बदर किया गया। काठगोदाम कोतवाली में दर्ज हैं चार मुकदमे पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, रोहित आर्या के विरुद्ध कोतवाली काठगोदाम में अलग-अलग समय पर चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2016 में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और रास्ता रोकने से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा वर्ष 2024 और 2025 में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत तीन मुकदमे पंजीकृत हैं।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







