Connect with us

उत्तराखण्ड

सरस मेले में कुमाऊंनी छपेली और कथक की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन, 29 राज्यों के उत्पादों का लगा संगम

हल्द्वानी, 24 नवंबर। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित राष्ट्रीय सरस मेले में मंगलवार को लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला और भारतीय शास्त्रीय नृत्य का शानदार संगम देखने को मिला। मेले में विभिन्न सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं, राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने मेले को स्थानीय उत्पादों, महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया।

कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं सांस्कृतिक कला उत्थान समिति नैनीताल के कलाकारों ने ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर आधारित पारंपरिक छपेली लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। कलाकारों की पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा, मधुर लोकधुनों और मनमोहक नृत्य मुद्राओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के माध्यम से कलाकारों ने कुमाऊं की समृद्ध लोकसंस्कृति, सांस्कृतिक विरासत और पहाड़ की पारंपरिक जीवनशैली को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

वहीं, सुजाता माहेश्वरी की टीम ने शास्त्रीय संगीत शैली पर आधारित हनुमान चालीसा की कथक नृत्य प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सुर, ताल और भाव-भंगिमाओं के सुंदर समन्वय से सजी इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कथक के माध्यम से हनुमान चालीसा की भक्तिपूर्ण अभिव्यक्ति भारतीय शास्त्रीय नृत्य और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम बनकर सामने आई।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय सरस मेला मातृशक्ति द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार और व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मेले के जरिए लोगों को उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों के विशिष्ट, पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को करीब से जानने और समझने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रधानमंत्री की लोकल फॉर वोकल की अवधारणा को धरातल पर साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेले में शुद्ध देशी और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा उनकी आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य उत्पादक को बाजार उपलब्ध कराना और जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक बेहतर उत्पाद पहुंचाना है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय सरस मेले में देश के 29 राज्यों के समूह प्रतिभाग कर रहे हैं। मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें से 172 स्टॉल महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री एवं प्रदर्शन के लिए आवंटित किए गए हैं। इस प्रकार सरस मेला न केवल देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर ला रहा है, बल्कि महिला सशक्तीकरण, स्थानीय रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page