Connect with us

उत्तराखण्ड

नगर आयुक्त ने 60 वार्डों में कूड़ा संग्रहण वाहनों का किया निरीक्षण, खामियां मिलने पर मरम्मत के दिए निर्देश

हल्द्वानी।  नगर निगम हल्द्वानी की नगर आयुक्त ने शनिवार को नगर क्षेत्र के सभी 60 वार्डों में संचालित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों की भौतिक एवं परिचालन स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पहुंचकर वाहनों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त ट्रांसपोर्ट नगर, भोलानाथ गार्डन सहित अन्य निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पहुंचीं। यहां उन्होंने कूड़ा संग्रहण में लगाए गए वाहनों की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया। वाहनों की नंबर प्लेट एवं वाहन संख्या की स्पष्ट पठनीयता, बॉडी, टायर, ब्रेक, हॉर्न तथा अन्य आवश्यक उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन वाहनों में मरम्मत अथवा किसी प्रकार के सुधार की आवश्यकता है, उन्हें समयबद्ध तरीके से दुरुस्त कराया जाए, ताकि वाहन संचालन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और कूड़ा संग्रहण व्यवस्था प्रभावित न होने पाए।

निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित वाहन चालकों, सुपरवाइजरों एवं नोडल अधिकारियों को भी उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे। नगर आयुक्त ने उनसे सीधे संवाद कर डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था के संचालन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर भी चर्चा की।

नगर आयुक्त ने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था शहर की स्वच्छता बनाए रखने की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। घरों से नियमित रूप से कूड़ा एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए वाहनों का सुचारु संचालन और उनकी बेहतर स्थिति में रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वाहन रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और नियमित रूप से उनकी तकनीकी स्थिति की निगरानी की जाए।

इस अवसर पर नगर आयुक्त ने नगरवासियों से भी स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर में ही गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग एकत्रित करें तथा डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों को दोनों प्रकार का कूड़ा पृथक-पृथक उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कहा कि नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है। सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता से ही हल्द्वानी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाया जा सकता है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page