उत्तराखण्ड
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद कुमाऊँ क्षेत्र की नई कार्यकारिणी गठित, जगदीश चन्द्र काण्डपाल बने क्षेत्रीय अध्यक्ष


उमेश चन्द्र जोशी को क्षेत्रीय मंत्री और पी.सी. बिष्ट को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी, कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्ष का लिया संकल्प ,
हल्द्वानी, 19 नवंबर।, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, कुमाऊँ क्षेत्र की वर्ष 2026-27 की नई क्षेत्रीय कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। गुरुवार को आयोजित वार्षिक चुनाव में जगदीश चन्द्र काण्डपाल को क्षेत्रीय अध्यक्ष, उमेश चन्द्र जोशी को क्षेत्रीय मंत्री तथा पी.सी. बिष्ट को कोषाध्यक्ष चुना गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
चुनाव अधिकारी भूपेन्द्र सिंह अधिकारी, भूतपूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विक्रम सिंह डंगवाल, भूतपूर्व प्रांतीय अध्यक्ष की देखरेख में चुनाव संपन्न कराए गए। चुनाव के दौरान कुमाऊँ क्षेत्र के विभिन्न डिपो के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन में अपनी भागीदारी निभाई।
नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष प्रथम के पद पर सुरेन्द्र सिंह रावत, उपाध्यक्ष द्वितीय राहुल राणा, संयुक्त मंत्री प्रथम प्रदीप टम्टा, संयुक्त मंत्री द्वितीय त्रिलोक सिंह, संगठन मंत्री दिनेश कुमार तथा संप्रेक्षक अखिलेश जोशी को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अतिरिक्त प्रांतीय सदस्य के रूप में शंकर सिंह, जगमोहन, श्याम सिंह शाही, कमल किशोर तिवारी, राजेश कोहली, भगवान दास एवं आनंद बल्लभ जोशी को चुना गया। वहीं क्षेत्रीय सदस्य के रूप में त्रिभुवन चन्द्र, रमेश चन्द्र, दिनेश चन्द्र, शबाब अली एवं भीम सिंह को जिम्मेदारी दी गई।
चुनाव में हल्द्वानी शाखा के शाखा अध्यक्ष कौशल जोशी सहित दिनेश भण्डारी एवं राजीव भट्ट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को प्राथमिकता देने की उम्मीद
नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही संगठन से अपेक्षा जताई गई कि वह रोडवेज कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएगी। विशेष रूप से वेतन संबंधी समस्याओं, नियमितीकरण, पदोन्नति तथा कर्मचारियों के अन्य सेवा संबंधी मुद्दों के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
इसके साथ ही उत्तराखंड परिवहन निगम के संरक्षण, विकास एवं बेहतर भविष्य के लिए संगठन की ओर से एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी कर्मचारी संगठन की असली ताकत उसके सदस्यों का विश्वास, आपसी सहयोग और एकता होती है। यदि कर्मचारी संगठित होकर अपनी आवाज उठाते हैं तो उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई। नई कार्यकारिणी से उम्मीद जताई गई कि वह कर्मचारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।







