Connect with us

उत्तराखण्ड

युवा संसद प्रतियोगिता में खुरपाताल की टीम प्रथम, भीमताल द्वितीय और पटुवाडांगर तृतीय स्थान पर रही

लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय कार्यप्रणाली से रूबरू हुए विद्यार्थी, मुख्य अतिथि योगेश रजवार ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह

भीमताल। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग में शनिवार को विकासखंड भीमताल की ब्लॉक स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राजनीति विज्ञान उत्कृष्टता केंद्र, डायट भीमताल के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विकासखंड के पांच विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रत्येक टीम में अधिकतम 11 विद्यार्थियों को शामिल किया गया था। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक व्यवस्था, जनहित के मुद्दों और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश रजवार तथा विशिष्ट अतिथि एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के राजनीति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नवीन शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि योगेश रजवार ने कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक समझ, तार्किक अभिव्यक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों के संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए वंचित बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए हल्द्वानी के वीरांगना संस्थान द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. नवीन शर्मा ने संसदीय लोकतंत्र की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संसदीय शासन प्रणाली लोकतंत्र का आधार है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में वास्तविक शक्ति जनता के हाथों में होती है। जनता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करती है और चुने हुए प्रतिनिधि शासन व्यवस्था का संचालन करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण होती है। स्वस्थ लोकतंत्र के लिए विपक्ष द्वारा सकारात्मक एवं रचनात्मक आलोचना किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने युवा सांसदों से आह्वान किया कि वे सदैव राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करें और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं। विद्यार्थियों के उत्साह, आत्मविश्वास और संसदीय विषयों की समझ को देखकर उन्होंने कहा कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संसद की कार्यवाही का जीवंत प्रदर्शन करते हुए विभिन्न जनहित के मुद्दों पर अपने विचार रखे। प्रतिभागियों की तार्किक क्षमता, संवाद शैली, विषय की समझ और प्रस्तुति का निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन किया गया।

प्रतियोगिता के परिणामों में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज खुरपाताल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीमताल द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज पटुवाडांगर तृतीय स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज दोगड़ा, राजकीय इंटर कॉलेज अमिया, राजकीय इंटर कॉलेज खुरपाताल, राजकीय इंटर कॉलेज पटुवाडांगर तथा राजकीय इंटर कॉलेज भीमताल के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विजेता टीमों को मुख्य अतिथि योगेश रजवार, विशिष्ट अतिथि डॉ. नवीन शर्मा एवं जिला समन्वयक नरेंद्र पंत ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक नरेंद्र पंत ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में ब्लॉक समन्वयक मीना डंगवाल एवं सहायक ब्लॉक समन्वयक कृष्णा के सहयोग से प्रतियोगिता संपन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन गोपाल गुणवंत ने किया। निर्णायक मंडल में कौस्तुभानंद कर्नाटक, आसमां परवीन एवं योगिता सिंह शामिल रहे।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका एवं कार्यक्रम संयोजक निधि मेहरा ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। अंत में ब्लॉक समन्वयक मीना डंगवाल ने भी सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का धन्यवाद किया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page