उत्तराखण्ड
घरेलू उपचार भी बन सकते हैं जानलेवा, बिना चिकित्सकीय सलाह के न अपनाएं कोई नुस्खा : डॉ. राजेश तनेजा




हल्द्वानी में ‘स्वास्थ्य पर चर्चा’ कार्यक्रम में अपोलो हॉस्पिटल्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने साझा किए बेहतर स्वास्थ्य के मंत्र, बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार पर दिया जोर।
हल्द्वानी, 19 नवंबर आज के बदलते परिवेश में अनियमित दिनचर्या, खानपान में लापरवाही और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की कमी के कारण लोग कई तरह की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। वहीं, इंटरनेट और दूसरों की सलाह पर बिना चिकित्सकीय परामर्श के घरेलू उपचार अपनाना भी कई बार स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। प्रत्येक व्यक्ति के शरीर की क्षमता और स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियां अलग-अलग होती हैं, इसलिए किसी दूसरे व्यक्ति के लिए लाभदायक उपचार जरूरी नहीं कि सभी के लिए सुरक्षित हो। इसी तरह के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को हल्द्वानी में ‘स्वास्थ्य पर चर्चा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स, नई दिल्ली एवं हल्द्वानी केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में रामपुर रोड स्थित होटल ब्लू सैफायर में आयोजित इस कार्यक्रम में अपोलो हॉस्पिटल्स के वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, बीमारियों के लक्षणों, समय पर पहचान, उपचार और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स, नई दिल्ली से पहुंचे वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. शशांक शरद काले, सीनियर कंसल्टेंट न्यूरोसर्जरी तथा डॉ. राजेश तनेजा ने उपस्थित लोगों के साथ स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया। चिकित्सकों ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही कई बार गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है। इसलिए बीमारी के शुरुआती लक्षणों को पहचानना और समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना बेहद आवश्यक है।
घरेलू नुस्खों के इस्तेमाल में बरतें सावधानी : डॉ. राजेश तनेजा**
इस दौरान डॉ. राजेश तनेजा ने घरेलू उपचार और बिना चिकित्सकीय सलाह के अपनाए जाने वाले नुस्खों को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया। उन्होंने कहा कि कई बार हमारे घरेलू उपचार भी स्वास्थ्य के लिए घातक साबित हो सकते हैं। इसका प्रमुख कारण यह है कि हर व्यक्ति के शरीर की अपनी अलग क्षमता, प्रकृति और स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियां होती हैं। जो उपचार किसी एक व्यक्ति को लाभ पहुंचा रहा है, जरूरी नहीं कि वही उपचार दूसरे व्यक्ति के लिए भी सुरक्षित और लाभकारी हो।
उन्होंने कहा कि किसी भी उपचार को अपनाने से पहले अपने शरीर की स्थिति और उसकी क्षमता को समझना जरूरी है। केवल किसी परिचित, रिश्तेदार या अन्य व्यक्ति की सलाह पर दवाइयां अथवा घरेलू नुस्खे अपनाना उचित नहीं है। कई बार दूसरों की सलाह व्यक्ति के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी बीमारी को सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें, बल्कि हर बीमारी को गंभीरता से लेते हुए समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें। स्वास्थ्य के मामले में स्वयं डॉक्टर बनने के बजाय उचित चिकित्सकीय सलाह को प्राथमिकता देना चाहिए। उन्होंने कहा कि रात्रि में अगर आपको मूत्र रोग से कोई दिक्कत होती है तो बेकिंग सोडा ले सकते हैं जो आपको रात्रि में कुछ राहत दे सकता है एवं सुबह आप अपने चिकित्सक से परामर्श कर सकते हैं शरीर की कोई बीमारी को नजरअंदाज न करें क्योंकि कुछ बीमारी दवाइयों से ठीक हो सकती है हम बीमारी को दबाने की कोशिश करते हैं लेकिन वो हमारे लिए हानिकारक हो सकती है, हर व्यक्ति को अपन मेडिकल चेक अप करना चाहिए ताकि हम स्वस्थ जीवन जी सके
संतुलित खानपान और नियमित दिनचर्या भी बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दैनिक दिनचर्या और खानपान पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार का सेवन, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और शरीर की प्राकृतिक आवश्यकताओं को नजरअंदाज न करना बेहद जरूरी है। अनियमित जीवनशैली और खानपान की गलत आदतें धीरे-धीरे शरीर को प्रभावित करती हैं। इसलिए लोगों को अपनी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव लाने चाहिए।
चिकित्सकों ने यह भी समझाया कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में लगातार नए उपचार और तकनीकें विकसित हो रही हैं। ऐसे में आम नागरिकों तक सही स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाना और उन्हें समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय नागरिकों, चिकित्सकों और केमिस्ट समुदाय को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य रहे मौजूद।
कार्यक्रम में हल्द्वानी केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल अधिकारी, उपाध्यक्ष अमित मिश्रा, सचिव गिरीश जोशी एवं कोषाध्यक्ष नरेंद्र साहनी सहित प्रेम मदान, उमेश चंद्र जोशी, राजकुमार अग्रवाल, सुशील मोंगिया, भुवन सती, प्रमोद जोशी, एहतेशाम, मनोज जोशी, मुन्ना सानवल, गोविंद बागड़वाल, पंकज पपने, जसप्रीत, मनोज कपिल, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद सुभाष तिवारी और नजीम सहित एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों के साथ स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और जागरूकता को बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। अंत में हल्द्वानी केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल्स, नई दिल्ली की टीम और सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा कि स्वस्थ जीवन के लिए केवल बीमारी का इलाज कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही जानकारी, संतुलित खानपान, नियमित दिनचर्या और समय पर चिकित्सकीय परामर्श को जीवन का हिस्सा बनाना भी जरूरी है।







