उत्तराखण्ड
पांच साल तक के बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 15 नवंबर से शुरू होगा न्यूबॉर्न वीक



हल्द्वानी, 12 नवंबर। जनपद नैनीताल में पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। SAANS अभियान 2026-27 के प्रभावी संचालन को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों को बच्चों में निमोनिया की समय रहते पहचान, रोकथाम और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में निमोनिया गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन सकता है। ऐसे में बीमारी के लक्षणों की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार बेहद जरूरी है। उन्होंने आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों की स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए। खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण मिलने पर बच्चों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजने को कहा गया।
उन्होंने सभी सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों में निमोनिया के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां, ऑक्सीजन, पल्स ऑक्सीमीटर और अन्य चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गंभीर स्थिति वाले बच्चों को बिना देरी उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर करने के साथ रेफरल से पहले जरूरी प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
टीकाकरण और जागरूकता पर विशेष जोर
सीएमओ ने नियमित टीकाकरण के अंतर्गत बच्चों को पीसीवी (न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन) की निर्धारित तीनों खुराक समय पर लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण देने तथा विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। माताओं को स्तनपान, उचित पोषण, स्वच्छता और निमोनिया के शुरुआती लक्षणों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष बल दिया गया।
15 नवंबर से शुरू होगा न्यूबॉर्न वीक
बैठक में सीएमओ ने जानकारी दी कि जनपद में 15 नवंबर से न्यूबॉर्न वीक का शुभारंभ किया जाएगा। इसके तहत नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल, जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू कराने, छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने तथा नवजात शिशुओं में खतरे के लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार के प्रति स्वास्थ्य कर्मियों एवं अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।
सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपचार की सुविधा
डॉ. पंत ने बताया कि जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत एक वर्ष तक के बच्चों को सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों एवं चिकित्सालयों में निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के बीमार होने पर घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार लें।
बैठक में सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा बच्चों की स्क्रीनिंग, उपचार और रेफरल से संबंधित आंकड़ों की समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सीएमओ ने स्पष्ट कहा कि “Pneumonia Nahi, Toh Bachpan Sahi” अभियान को जनपद में सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए। पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में निमोनिया से होने वाली मृत्यु को कम करना स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।







