उत्तराखण्ड
देहरादून में 14 नवंबर से राष्ट्रीय सीनियर्स टेनिस टूर्नामेंट, देशभर के 105 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम






देहरादून,,उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और राष्ट्रीय स्तर पर टेनिस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन, देहरादून की ओर से 14 एवं 15 नवंबर 2026 को शांति टेनिस एकेडमी, डालनवाला में दो दिवसीय ऑल इंडिया सीनियर्स टेनिस टूर्नामेंट-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 105 खिलाड़ियों के प्रतिभाग करने की संभावना है।
उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन, देहरादून के सचिव जनरल सुमित गोयल ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता को भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के रहने, खाने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की विशेषता यह रहेगी कि विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार तथा वेलकम किट भी प्रदान की जाएगी।
शांति टेनिस एकेडमी के निदेशक प्रदीप वालिया ने बताया कि एकेडमी परिसर में चार फ्लड लाइट युक्त सिंथेटिक टेनिस कोर्ट उपलब्ध हैं, जिन्हें प्रतियोगिता के लिए विशेष रूप से तैयार कराया गया है। खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले दिन के साथ-साथ शाम को दूधिया रोशनी में भी खेले जाएंगे।
खिलाड़ियों की सुविधाओं और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
टूर्नामेंट की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं उत्तराखंड के सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने 10 नवंबर की सुबह एक विशेष बैठक आयोजित की। बैठक में प्रतियोगिता के सफल संचालन, खिलाड़ियों की सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। खिलाड़ियों को मैच के दौरान चोटों से बचाने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डॉक्टरों एवं फिजियोथेरेपिस्ट की टीम भी तैनात की जाएगी।
उत्तराखंड के कई जिलों के खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न शहरों से भी कई खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। देहरादून से प्रदीप पंत, तुषार शर्मा, लोकेश चुग एवं विजेंद्र चौहान, हल्द्वानी से हेम कुमार पांडेय, नैनीताल से अमर जगाती, वीरेंद्र साह, अमित जोशी, मानवेंद्र हरबोला एवं सिवेश्वर सिंह, रानीखेत से सुमित गोयल तथा रुद्रपुर से जगदीश सिंह बिष्ट और आशिम बेग सहित अन्य खिलाड़ी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से उत्तराखंड में सीनियर टेनिस खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा और आपसी खेल अनुभवों के आदान-प्रदान को।भी बढ़ावा मिलेगा।







