उत्तराखण्ड
ऑनलाइन शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाएगी गेम-बेस्ड लर्निंग तकनीक, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित


हल्द्वानी, 12 नवंबर। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में ऑनलाइन शिक्षा को अधिक रोचक, सहभागितापूर्ण एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को ‘ऑनलाइन शिक्षा के लिए गेम-बेस्ड लर्निंग’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST), देहरादून के वित्तीय सहयोग से संचालित शोध परियोजना ‘ऑनलाइन शिक्षा में सहभागिता एवं सीखने की निरंतरता बढ़ाने के लिए गेम-बेस्ड लर्निंग (GBL)’ के अंतर्गत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. जितेन्द्र पांडे ने किया। उद्घाटन सत्र में उन्होंने गेम-बेस्ड लर्निंग की अवधारणा और इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षण प्रक्रिया को अधिक संवादात्मक, रोचक और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय इस दिशा में अनुसंधान एवं नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों के अध्ययन अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है।
संगोष्ठी में UCOST के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने विश्वविद्यालय की ऑनलाइन शिक्षा को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि बदलते समय के साथ नई तकनीकों को अपनाना आवश्यक है। शिक्षण-अधिगम कौशल का विकास आधुनिक तकनीक के साथ समन्वय स्थापित करके किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि शिक्षण पद्धतियों में निरंतर बदलाव और नवाचार विद्यार्थियों के भीतर विभिन्न महत्वपूर्ण कौशल विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने चीन में अपने पूर्व अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि संस्कृत भाषा में भावनाओं को समझाने के लिए उन्होंने इमोजी का प्रयोग किया था, जो एक सफल प्रयोग साबित हुआ। उन्होंने गेम-बेस्ड लर्निंग को शिक्षा के क्षेत्र में उपयोगी नवाचार बताते हुए विश्वविद्यालय के संबंधित विभाग को इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए बधाई दी।
संगोष्ठी के विशेषज्ञ वक्ता भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के डॉ. कौशल कुमार भगत ने वर्चुअल माध्यम से ‘Beyond Points and Badges: The Science and Design of Game-Based Learning’ विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने गेम, गेम-बेस्ड लर्निंग और गैमिफिकेशन के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए बताया कि किस प्रकार खेल आधारित गतिविधियां विद्यार्थियों की रुचि, तार्किक क्षमता और सीखने की निरंतरता को बढ़ावा दे सकती हैं।
उन्होंने गेम डिजाइन के विभिन्न फ्रेमवर्क, उसकी मूल अवधारणाओं और महत्वपूर्ण तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। Pac-Man और Mario जैसे लोकप्रिय खेलों के उदाहरण देते हुए उन्होंने समझाया कि खेलों के माध्यम से जटिल विषयों को भी सरल एवं रोचक तरीके से सिखाया जा सकता है। उन्होंने कम्प्यूटेशनल थिंकिंग को प्रोत्साहित करने में गेम आधारित गतिविधियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. आशुतोष भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, विशेषज्ञ वक्ता, विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
संगोष्ठी के माध्यम से यह संदेश उभरकर सामने आया कि बदलते डिजिटल शिक्षा परिवेश में केवल ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, रुचि और सीखने की निरंतरता सुनिश्चित करना भी जरूरी है। गेम-बेस्ड लर्निंग जैसी नवाचारपूर्ण तकनीकें इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की यह पहल उच्च शिक्षा में तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।







