उत्तराखण्ड
हेमकुंट साहिब रोपवे का उल्लेख करने पर श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार
P

पवनीत सिंह बिंद्रा
गोविंदघाट, 12 जुलाई। गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना का उल्लेख किए जाने पर उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया है। ट्रस्ट ने कहा कि यह पहल लाखों श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाएगी।
ट्रस्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उल्लेख सिख समुदाय और पवित्र गुरुद्वारों तक श्रद्धालुओं की सहज पहुंच सुनिश्चित करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिचायक है। साथ ही ट्रस्ट ने भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार से गोविंदघाट से श्री हेमकुंट साहिब तक प्रस्तावित लगभग 12.4 किलोमीटर लंबी रोपवे परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया।
ट्रस्ट के चेयरमैन नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और सिख विरासत के प्रति उनके सम्मान के लिए ट्रस्ट उनका आभारी है। उन्होंने कहा कि यह रोपवे केवल एक आधारभूत संरचना परियोजना नहीं, बल्कि श्रद्धालु संगत की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि परियोजना का कार्य जल्द शुरू होने से हर वर्ष हेमकुंट साहिब पहुंचने वाले लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
ट्रस्ट ने यह भी कहा कि वह सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर परियोजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि यात्रा की पवित्रता बरकरार रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और पहुंच को बेहतर बनाया जा सके।

