Connect with us

उत्तराखण्ड

बाबा के दरबार में उमड़ा जनसागर, कैंची धाम में 36 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

पवनीत सिंह बिंद्रा 

, 13 जून। विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम के स्थापना दिवस एवं वार्षिक मेले के अवसर पर शनिवार को आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शनों के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। देर शाम तक लगभग 36 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके थे।

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। मेले में आने वाले भक्तों के लिए शटल सेवा का व्यवस्थित संचालन किया जा रहा है। यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए भवाली स्थित फॉरेस्ट बैरियर को शटल सेवा का मुख्य स्टॉपेज बनाया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए हैं कि फॉरेस्ट बैरियर से आगे कैंची धाम तक श्रद्धालु पैदल ही यात्रा करेंगे, जिससे पैदल चल रहे भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मेले की संवेदनशीलता और भारी भीड़ को देखते हुए एसएसपी स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए विशेष रूप से स्थापित मुख्य कंट्रोल रूम का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा वहां तैनात कर्मचारियों को हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने फॉरेस्ट बैरियर सहित विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस बल को सेवा भाव के साथ कार्य करने तथा बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन के अनुसार मेला क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और श्रद्धालु सुगमता एवं हर्षोल्लास के साथ बाबा के दर्शन कर रहे हैं।

— मीडिया सेल, नैनीताल पुलिस

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page