उत्तराखण्ड
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर एमबी राजकीय महाविद्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित



हल्द्वानी, 14 अगस्त 2026। एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी के राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एन.एस. बनकोटी, मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बहादुर सिंह कालाकोटी, विभाग प्रभारी डॉ. जया नैथानी तथा प्राध्यापकों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य वक्ता डॉ. बहादुर सिंह कालाकोटी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी भारतीय हैं और हमें जाति, पंथ एवं वर्ग के भेद से ऊपर उठकर राष्ट्र प्रथम की भावना को आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने इस धरती और प्रकृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और हम उनके वंशज हैं। इसलिए मां भारती के निर्माण और राष्ट्र के विकास में प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए।
डॉ. कालाकोटी ने कहा कि भारत हमारे लिए केवल भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि मातृभूमि है। मां का अर्थ जन्म देने वाली और निर्माण करने वाली शक्ति से है। जिस प्रकार मां हमें जन्म देती है, उसी प्रकार धरती माता असंख्य जीव-जंतुओं, पेड़-पौधों, फल-फूलों और अन्न का निर्माण कर मानव जीवन का पोषण करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति, राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश के विभाजन का दर्द कभी भुलाया नहीं जा सकता। नफरत और हिंसा के कारण लाखों लोगों को विस्थापन का दंश झेलना पड़ा तथा अनेक लोगों ने अपनी जान गंवाई। उनके संघर्ष, पीड़ा और बलिदान की स्मृति में भारत सरकार ने वर्ष 2021 से प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। इस दिवस का उद्देश्य विभाजन के दौरान भारतीयों द्वारा झेली गई पीड़ा को स्मरण करने के साथ ही सामाजिक विभाजन को रोकने, सामाजिक सद्भाव, एकता और मानव सशक्तीकरण की भावना को मजबूत करना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एन.एस. बनकोटी ने मुख्य वक्ता डॉ. कालाकोटी का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे मां भारती को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रहित, एकता और सामाजिक सद्भाव के प्रति संकल्पित हों।
कार्यशाला के समापन सत्र में नोडल अधिकारी डॉ. जया नैथानी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक डॉ. नवीन शर्मा ने किया। अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया।





