उत्तराखण्ड
शहर भी हमारा है और सम्मानित जनता भी हमारी, मिलकर हल्द्वानी को सुंदर बनाने का लेंगे संकल्प” : नगर आयुक्त आशिमा गोयल

हल्द्वानी। नगर निगम की नवनियुक्त नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने पदभार ग्रहण करने के बाद शहर के विकास और व्यवस्थाओं को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि शहर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन के साथ-साथ आम जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा, “शहर भी हमारा है और सम्मानित जनता भी हमारी है। हम सभी को मिलकर अपने शहर को सुंदर बनाने का संकल्प लेना होगा।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं तथा नगर निगम को सहयोग दें।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण से जुड़ी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, नियमित कूड़ा उठान और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर का विकास केवल नगर निगम प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। प्रशासन और जनता के सामूहिक प्रयासों से ही हल्द्वानी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाया जा सकता है।







