उत्तराखण्ड
गुरु पूर्णिमा पर एसएसपी नैनीताल ने बाबा नीम करौली महाराज के चरणों में टेका माथा, श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद





, हल्द्वानी ,,,29 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कोतवाली हल्द्वानी परिसर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में बाबा नीम करौली महाराज के श्रीचरणों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान के साथ भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। भंडारे में स्थानीय नागरिकों और भक्तों ने उत्साहपूर्वक सहयोग किया और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भंडारे के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया।
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु का आशीर्वाद जीवन का सबसे बड़ा मार्गदर्शन है। उन्होंने कहा कि धर्मगुरु, इष्ट गुरु और शिक्षक सभी व्यक्ति के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।
श्रद्धा, सेवा और सौहार्द के वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।


