उत्तराखण्ड
देहरादून में ‘सेव फ्यूल, सेव नेशन’ का शंखनाद: नितिन नवीन ने दिखाई हरी झंडी, सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में उमड़ा युवाओं का सैलाब

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को लेकर एक बड़ी राजनीतिक व सामाजिक पहल देखने को मिली है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के देहरादून आगमन पर कैंट विधानसभा क्षेत्र में ‘सेव फ्यूल, सेव नेशन’ (ईंधन बचाओ, देश बचाओ) अभियान की भव्य शुरुआत की गई। इस विशेष मुहीम का संयोजन भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल की अगुवाई में किया गया।
इस आयोजन के दौरान महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल का कुशल नेतृत्व और संगठनात्मक कौशल साफ तौर पर नजर आया। कैंट क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं की भारी उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को बेहद प्रभावशाली और ऐतिहासिक बना दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बढ़ाया हौसला
अभियान की औपचारिक शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा सिग्नेचर (हस्ताक्षर) अभियान में भाग लेकर की गई। अपने रोड शो के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विशेष रूप से रुककर इस पहल की सराहना की। उन्होंने इसे देशहित में उठाया गया एक अत्यंत प्रेरणादायक कदम बताते हुए पूरी टीम की पीठ थपथपाई। इस दौरान वहां मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित की इस मुहीम को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
भविष्य की पीढ़ियों के लिए जरूरी कदम
मुहीम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि ईंधन की बचत केवल आर्थिक या व्यक्तिगत विषय नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति हमारे उत्तरदायित्व और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित कल से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आगे कहा:
“माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत और पर्यावरण सुरक्षा के सपने को साकार करने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएगा। आज के दौर में ऊर्जा का संरक्षण और प्रकृति का संतुलन बनाए रखना सबसे बड़ी जरूरत है। हम इस मुहीम को एक जन-आंदोलन का रूप देंगे।”
कार्यक्रम के समापन पर महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर इस अभियान को घर-घर तक ले जाने और आम जनता को पर्यावरण संरक्षण के इस महाभियान से जोड़ने का दृढ़ संकल्प लिया।
