उत्तराखण्ड
फुटपाथ पर अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, पक्का निर्माण ध्वस्त, 9 चालान, दो ठेले जब्त
पवनीत सिंह बिंद्रा

नगर निगम की टीम ने अभियान की शुरुआत वर्कशॉप लाइन क्षेत्र से की, जहां नाली के ऊपर अवैध रूप से बनाए गए पक्के निर्माण को जेसीबी की सहायता से तोड़ दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि नालियों पर किए गए अवैध निर्माण से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी। इसलिए ऐसे निर्माणों को हटाना आवश्यक था।
इसके बाद टीम ने फुटपाथों पर अतिक्रमण कर व्यवसाय कर रहे ठेला संचालकों को हटाया। कई लोगों ने मौके पर ही अपना सामान हटा लिया, जबकि नियमों की अनदेखी करने वाले दो ठेलों को नगर निगम ने जब्त कर लिया। अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नौ चालान किए गए और कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि फुटपाथ पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए हैं। इन पर अतिक्रमण होने से लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। साथ ही नालियों पर अवैध निर्माण शहर की जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित करते हैं। ऐसे में अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी चंद्रशेखर टोलिया, नोडल अतिक्रमण गणेश भट्ट, आई.पी. पंत, अमोल असवाल, चतर सिंह सहित नगर निगम की प्रवर्तन टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों से स्वयं सार्वजनिक भूमि और फुटपाथों को खाली करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर जब्ती और चालानी कार्रवाई के साथ कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे
