Connect with us

उत्तराखण्ड

महापौर गजराज बिष्ट ने किया विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण

हल्द्वानी-काठगोदाम, 18 अगस्त 2026। नगर निगम क्षेत्र में जनसुविधाओं, शिक्षा व्यवस्था, गौवंश संरक्षण एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए महापौर गजराज बिष्ट ने मंगलवार को राजपुरा स्थित गौशाला, नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम तथा वार्ड संख्या 22 की लाइन नंबर 12 में प्रस्तावित मीट बाजार स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

विद्यालयों में छात्रहित सर्वोपरि

नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम में आयोजित बैठक में महापौर ने विद्यालय की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने नगर आयुक्त एवं प्रधानाचार्यों के साथ छात्र-छात्राओं की सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्था तथा विद्यालय परिसर से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

महापौर ने शौचालय भवनों के निर्माण, वर्तमान व्यवस्थाओं के जीर्णोद्धार एवं आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों तथा शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा।

उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।

गौशाला में व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश

महापौर ने राजपुरा स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण कर गौवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

साथ ही अनुबंधित संस्था को गौवंश के लिए पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण चारा, स्वच्छ पेयजल, आवश्यक दवाइयों तथा बेहतर सुरक्षा एवं देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। महापौर ने स्पष्ट किया कि गौवंश की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और संबंधित संस्था को निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा।

वार्ड 22 में प्रस्तावित मीट बाजार का निरीक्षण

निरीक्षण के अंतिम चरण में महापौर ने वार्ड संख्या 22, लाइन नंबर 12 में प्रस्तावित मीट बाजार की दुकानों के निर्माण के लिए चयनित स्थल का पार्षद मो. गुफरान, सलीम सैफी एवं हाजी राशिद के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान प्रस्तावित दुकानों के निर्माण, स्थल की उपयोगिता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने नगर निगम के सहायक अभियंता नवल नौटियाल को आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाते हुए जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महापौर गजराज बिष्ट ने कहा कि नगर निगम द्वारा शिक्षा, स्वच्छता, जनसुविधाओं, गौवंश संरक्षण एवं सुव्यवस्थित बाजार व्यवस्था से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं जनहितकारी हल्द्वानी-काठगोदाम का निर्माण करना है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page