उत्तराखण्ड
कर्णप्रयाग झड़प: दोनों मामलों की जांच हरिद्वार को स्थानान्तरित, घायल श्रद्धालु की शिकायत पर FIR दर्ज

पुलिस मुख्यालय ने दोनों जांचों को चमोली जनपद से हटाकर हरिद्वार जनपद को स्थानान्तरित कर दिया है। अब इन प्रकरणों की विवेचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार श्री नवनीत सिंह भुल्लर के निकट पर्यवेक्षण में सम्पन्न करायी जाएगी, ताकि जांच स्वतंत्र, पारदर्शी और न्यायसंगत रहे।
इसी के साथ, विभिन्न सिख संगठनों द्वारा स्थानीय पुलिस के कथित आचरण एवं व्यवहार के आरोपों की भी जांच देहरादून स्थित DIG श्री यशवंत सिंह को सौंपी गयी है। उन्हें इस मामलो की आख्या दो सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं।
पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप ने कहा, “उत्तराखण्ड पुलिस सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का पूर्ण सम्मान करती है। हम प्रत्येक प्रकरण में कानून के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं न्यायसंगत कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा अत्यंत पवित्र है और पुलिस तथा प्रशासन के समन्वय से यह सुरक्षित तथा सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। “यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है,” श्री स्वरूप ने जोड़ा।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के क्रम और आरोपों की विस्तृत विवेचना के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के स्थानान्तरण निर्णय का उद्देश्य संभावित पक्षपात तथा स्थानीय दबाव से स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करना बताया गया है।
