उत्तराखण्ड
कैंची धाम मेला: भीमताल और बेतालघाट के सभी स्कूलों में 15 जून को अवकाश

जारी आदेश के अनुसार विकासखंड भीमताल और बेतालघाट में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की कक्षाएं 15 जून को बंद रहेंगी। इसके साथ ही क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक एवं बेसिक) तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास को निर्देश दिए हैं कि आदेश की सूचना समय रहते सभी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के अभिभावकों तक पहुंचाई जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अवकाश केवल विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए लागू होगा। क्षेत्र के सभी अन्य शासकीय कार्यालय पूर्ववत संचालित रहेंगे तथा अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समयानुसार अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं और कहा है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
