उत्तराखण्ड
नैनीताल के शैडो क्षेत्रों में 15 दिन में मोबाइल नेटवर्क सुधारने के निर्देश

बैठक में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), जियो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एयरटेल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, इंडस टावर्स लिमिटेड तथा वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद के अनेक शैडो क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने से आमजन के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासकीय कार्यों के संचालन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सभी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों को प्राथमिकता के आधार पर नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त सर्वेक्षण कर 15 दिनों के भीतर मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था में प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि नेटवर्क की कमी के कारण एमएमएस (MMS) मैसेज मॉनिटरिंग सिस्टम सहित विभिन्न ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग प्रणालियां प्रभावित हो रही हैं। साथ ही दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM), ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (REAP), विकसित भारत वी.बी.-जी.आर.ए.एम. (Viksit Bharat BGRM) सहित अन्य विभागीय पोर्टलों एवं मोबाइल एप्लीकेशनों पर कार्य करने में भी दिक्कतें आ रही हैं। नेटवर्क बाधित होने से मस्टर रोल की ऑनलाइन प्रविष्टि सहित कई विभागीय कार्य समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं।
बैठक में हल्द्वानी-भीमताल मार्ग पर कई स्थानों पर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कंपनियों को पूरे मार्ग का सर्वेक्षण कर जहां आवश्यकता हो, वहां मोबाइल टावरों की क्षमता, फ्रीक्वेंसी और नेटवर्क कवरेज में तकनीकी सुधार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा हल्द्वानी-भुजियाघाट-नैनीताल मार्ग के नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों में भी शीघ्र कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि नैनीताल देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता से पर्यटकों को असुविधा होती है और जिले की पर्यटन छवि भी प्रभावित होती है। इसलिए पर्यटन स्थलों और मुख्य संपर्क मार्गों पर निर्बाध मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराना सेवा प्रदाता कंपनियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने विशेष रूप से कोटाबाग, पंगोट, धारी, रामनगर के ढिकुली क्षेत्र तथा ओखलकांडा विकासखंड के नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र मोबाइल कनेक्टिविटी मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कंपनियों से आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित 15 दिनों की समयसीमा के भीतर जनपद के सभी शैडो क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं को प्रभावी और सुचारु बनाने की अपेक्षा जताई।
बैठक में विभिन्न मोबाइल नेटवर्क कंपनियों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


