उत्तराखण्ड
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, गणना प्रपत्रों के समयबद्ध वितरण के निर्देश

हल्द्वानी, 13 जून। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड प्रकाश चंद्र दुमका ने शनिवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में जनपद नैनीताल के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण कार्य में तेजी लाने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर प्रपत्र पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की अद्यतन प्रगति का आकलन किया गया। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर आयुक्त, उप जिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र के सभी मतदाताओं तक गणना प्रपत्र निर्धारित समयसीमा में पहुंचाए जाएं और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि ईआरओ और एईआरओ अपने क्षेत्र में कार्यरत सुपरवाइजरों एवं बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) से लगातार संपर्क बनाए रखें तथा वितरण कार्य का नियमित स्थलीय निरीक्षण करें। यदि किसी स्तर पर कोई समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान श्री दुमका ने दूरभाष के माध्यम से विभिन्न बूथ स्तरीय अधिकारियों से बातचीत कर गणना प्रपत्र वितरण में आ रही समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, नगर आयुक्त एपी बाजपेई, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंशा दत्त पांडे, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
