Connect with us

उत्तराखण्ड

हिमाचल प्रदेश स्थापना दिवस: लोक भवन देहरादून में भव्य आयोजन,,


देहरादून, 15 अप्रैल 2026: लोक भवन देहरादून में बुधवार को हिमाचल प्रदेश के स्थापना दिवस पर हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिमाचल राज्य के देहरादून स्थित संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं समेत बड़ी संख्या में लोग इस समारोह में शामिल हुए। छात्रों ने पारंपरिक हिमाचली वेशभूषा धारण कर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक दिखी।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और सभी को हिमाचल प्रदेश स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने हिमाचल के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत की प्रशंसा करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के बीच भौगोलिक निकटता के साथ-साथ सांस्कृतिक, आध्यात्मिक व प्राकृतिक गहरा बंधन है। दोनों राज्य ‘देवभूमि’ के रूप में विख्यात हैं, जहां पवित्रता, लोक परंपराएं, आस्था, सरल जीवनशैली व प्रकृति पूजा की भावना समान रूप से फल-फूल रही है।
एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संदेश
राज्यपाल ने जोर देकर कहा कि विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस आयोजन केवल समारोह नहीं, बल्कि देश की विविधता को समझने व आत्मसात करने का माध्यम हैं। ये कार्यक्रम एक-दूसरे की भाषा, वेशभूषा, भोजन, लोक कलाओं व परंपराओं को जानने का अवसर देते हैं, जिससे राज्यों में सद्भाव, संवाद व सांस्कृतिक एकता बढ़ती है। उन्होंने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ पहल को राष्ट्रीय एकता मजबूत करने वाला बताया।
कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, साईं इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी देहरादून की उपाध्यक्ष रानी अरोरा, जनसंपर्क अधिकारी श्रुति अग्रवाल, कामिनी शर्मा, अर्चना कंडारी, आशा पाल व छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page