Connect with us

उत्तराखण्ड

मानसून में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण

125 चालकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिए आवश्यक परामर्श

हल्द्वानी, 20 अगस्त 2026। मानसून के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती आशंका को देखते हुए चालकों की सुरक्षित ड्राइविंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संभागीय परिवहन कार्यालय, हल्द्वानी के तत्वावधान में गुरुवार को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, हल्द्वानी के चिकित्सकों के सहयोग से आयोजित शिविर में वाहन चालकों के साथ-साथ कार्यालय में आए लाइसेंस आवेदकों और परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडेय ने बताया कि बरसात के मौसम में खराब मौसम के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण भी सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में वाहन चालकों का स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, ताकि चालक शारीरिक रूप से स्वस्थ रहकर सुरक्षित तरीके से वाहन संचालन कर सकें और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. आनंद मिश्रा (MBBS, MS Orthopedics), डॉ. करन मनोज छाबड़ा (MBBS, DNB, DRNB, Gastroenterologist) तथा फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मोनिका त्रिपाठी ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया। पीएसपी हॉस्पिटल के मैनेजर तेज सुई प्रसाद, विवेक मिश्रा, बीएमडी मशीन ऑपरेटर सर्वेश सिंह सहित अन्य टीम सदस्यों ने भी शिविर के संचालन में सहयोग किया।

शिविर में चालकों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं। बीएमडी जांच के माध्यम से हड्डियों के घनत्व एवं मजबूती का आकलन कर ऑस्टियोपोरोसिस और ऑस्टियोपेनिया जैसी समस्याओं की प्रारंभिक पहचान तथा भविष्य में हड्डियों के फ्रैक्चर के जोखिम का पता लगाने का प्रयास किया गया।

फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मोनिका त्रिपाठी ने वाहन चालकों को लंबे समय तक वाहन चलाने से होने वाली थकान से बचने के लिए आवश्यक व्यायाम एवं स्ट्रेचिंग की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न एक्सरसाइज स्वयं करके भी चालकों को समझाईं, ताकि वे यात्रा के दौरान थकान एवं शारीरिक तनाव को कम कर सकें।

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में करीब 125 वाहन चालकों का मौके पर ही स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरतमंदों को आवश्यक दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया गया। इस दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

आरटीओ अरविंद पांडेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग द्वारा केवल नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रवर्तन एवं चालानी कार्रवाई ही नहीं की जा रही है, बल्कि वाहन स्वामियों एवं चालकों को जागरूक करने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी लगातार संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page