Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड पत्रकार महासंघ का भव्य आयोजन: अनूप वाजपेयी बोले—’बदलते दौर में साख बचाना ही पत्रकारिता की असली सफलता’

अजय सिंह, देहरादून

। राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस के उपलक्ष्य में प्रांतीय राजधानी के सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी प्रेक्षागृह में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। उत्तराखंड पत्रकार महासंघ के तत्वावधान में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में मीडिया जगत में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 पत्रकारों को इस वर्ष के प्रतिष्ठित “पत्रकार गौरव सम्मान-2026” से नवाजा गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के केंद्रीय अध्यक्ष निशीथ सकलानी ने की। इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद ‘अमर उजाला’ के स्थानीय संपादक अनूप वाजपेयी ने समकालीन मीडिया परिदृश्य पर अपनी बात रखी। उन्होंने बदलते दौर में तकनीकी बदलावों को स्वीकार करने की वकालत करते हुए कहा कि खबरों का समाज पर पड़ने वाला सकारात्मक असर ही किसी पत्रकार की असली कामयाबी है।

ईमानदारी और निष्पक्षता को पत्रकारिता की रीढ़ बताते हुए उन्होंने नई पीढ़ी में हिंदी के गिरते स्तर पर चिंता जताई। उन्होंने एक सर्वे का हवाला देते हुए कहा कि आज दून के कई छात्र ‘देवभूमि’ और ‘देहरादून’ जैसे बुनियादी शब्द भी सही नहीं लिख पा रहे हैं, जिसे सुधारना बेहद जरूरी है।

सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हुआ आगाज

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक परंपरा के अनुसार मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद हंसा सांस्कृतिक दल के कलाकारों ने बेहद मनमोहक अंदाज में मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। महासंघ के पदाधिकारियों ने मुख्य मंच पर मौजूद सभी अतिथियों का बुके और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।

विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने वर्तमान दौर की गलाकाट प्रतिस्पर्धा का जिक्र करते हुए कहा कि आधुनिक प्रयोगों के बीच पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों और मौलिकता से समझौता नहीं होना चाहिए। इस विचार-मंथन सत्र में पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष उपेन्द्र थापली, दून इंटरनेशनल स्कूल के प्रणेता डॉ. डी.एस. मान, वरिष्ठ पत्रकार अरुण शर्मा, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा सहित विमल पूर्वाल, डॉ. वी.डी. शर्मा, भारती सकलानी और सहारनपुर से आए भारत भूषण जैसे कई वरिष्ठ विचारकों ने भी अपने विचार साझा किए।

इन्हें मिला “पत्रकार गौरव सम्मान-2026”

समारोह के मुख्य वक्ता अनूप वाजपेयी एवं विशिष्ट मंच द्वारा अग्रगामी पत्रकारों को शॉल, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया:

अजय राणा (अध्यक्ष, उत्तरांचल प्रेस क्लब)

बिशन सिंह बोरा (अमर उजाला)

विमल पूर्वाल (हिंदुस्तान)

सुनील नवप्रभात (न्यूज़ 18)

सुशील चमोली (संपादक, हिम की लहर)

राजीव शर्मा (संपादक, दुनिया टाइम्स)

राजीव मैथ्यू (संपादक, सेवा भारत टाइम्स)

टीना वैश्य (संपादक, अनंत ज्योति)

घनश्याम जोशी (वरिष्ठ पत्रकार, आकाश ज्ञान वाटिका)

विशेष सम्मान: इनके अलावा मीडिया जगत में दीर्घकालिक योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वी.डी. शर्मा और हल्द्वानी के संस्थापक सदस्य राजेश सरकार को विशेष तौर पर सम्मानित किया गया।

सशक्त लोकतंत्र के लिए सुदृढ़ मीडिया आवश्यक

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में महासंघ के मुखिया निशीथ सकलानी ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत करने के लिए पत्रकारों की आर्थिक सुरक्षा और वर्तमान चुनौतियों का समाधान होना बेहद आवश्यक है।

इस भव्य समागम में प्रांतीय कोषाध्यक्ष दीपक गुसाईं, जिला अध्यक्ष कैलाश सेमवाल, ओमी पाल, विपुल पांडे, जगमोहन मौर्य, यशराज आनंद, जितेंद्र राजौरी, धन सिंह बिष्ट, इंद्रेश्वरी ममगाई और चांदनी राणा सहित भारी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे मंच का सफल और कुशल संचालन वरिष्ठ पत्रकार नरेश रोहिला द्वारा किया गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page