Connect with us

उत्तराखण्ड

गुरु अर्जन देव जी के शहीदी पर्व पर हल्द्वानी में भव्य छबील का आयोजन

हल्द्वानी, 20 जून 2026। सिखों के पांचवें गुरु एवं शहीदों के सरताज गुरु अर्जन देव के शहीदी पर्व के पावन अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के तत्वावधान में श्री गुरु गोबिंद सिंह चौक (ओ.के. होटल) पर भव्य छबील वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी जगमीत सिंह द्वारा अरदास के साथ किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के लिए ठंडे मीठे शरबत तथा छोले के प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि गुरु अर्जन देव जी सिख धर्म के पांचवें गुरु तथा प्रथम शहीद थे। उन्होंने श्री गुरु ग्रंथ साहिब का संपादन कराया तथा धर्म और मानवता की रक्षा के लिए लाहौर में भीषण यातनाएं सहते हुए शहादत प्राप्त की। उन्होंने “तेरा कीया मीठा लागै” का संदेश देकर संगत को परमात्मा की रज़ा में प्रसन्न रहने और हर परिस्थिति को स्वीकार करने की प्रेरणा दी। गुरु साहिब की इसी महान शहादत की स्मृति में गर्मियों के दिनों में छबील लगाकर मीठा शरबत वितरित करने की परंपरा आज भी निभाई जाती है।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा सिंह सभा के मुख्य सेवादार सरदार अमरजीत सिंह आनंद, महासचिव सरदार कंवलजीत सिंह उप्पल, सनी आनंद, मालिन कोहली, हरजीत सिंह चड्ढा, गगनदीप सिंह सयाली, प्रभजोत सिंह, तेजिंदर पाल सिंह ओबेरॉय, सुरेंद्र सिंह गुजराल, नाटी वीर जी, स्वर्ण पाल सिंह कोहली, अमरीक सिंह, कर्मवीर सिंह, जसवंत सिंह सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, सेवादार एवं बड़ी संख्या में सिख संगत उपस्थित रही।

सेवादारों ने पूरे श्रद्धाभाव और सेवा भावना के साथ संगत एवं आमजन की सेवा की। अंत में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page