उत्तराखण्ड
मानसून में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए परिवहन विभाग का निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर




संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडेय ने बताया कि बरसात के मौसम में कम दृश्यता, बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे में वाहन चालकों की दृष्टि पूरी तरह स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह विशेष नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, ताकि चालक सुरक्षित रूप से वाहन संचालन कर सकें और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. सिद्धू नागर, डॉ. आर्यन, पब्लिक रिलेशन ऑफिसर वसीम खान तथा कैंप असिस्टेंट मनोज कुमार सहित चिकित्सकीय टीम ने चालकों की आंखों की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया। जांच के दौरान जिन 32 वाहन चालकों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, उन्हें मौके पर ही निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा आवश्यकतानुसार दवाइयों का भी वितरण किया गया।
शिविर में कुल 102 वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य परामर्श किया गया।
परिवहन विभाग ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग एक ओर जहां प्रवर्तन एवं चालानी कार्रवाई लगातार कर रहा है, वहीं दूसरी ओर वाहन स्वामियों और चालकों को जागरूक करने के लिए विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। विभाग का लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना है। भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।


