Connect with us

उत्तराखण्ड

जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की, सभी निर्णय 25 जुलाई तक लागू करने के निर्देश

 

पौड़ी गढ़वाल जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाने के लिए संबंधित विभागों तथा सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ समीक्षा बैठक  की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी तैयारियाँ हर हाल में 25 जुलाई तक पूर्ण की जाएँ। यात्रा प्रबंधन को प्रभावी बनाने हेतु क्षेत्र को 7 जोन और 23 सेक्टरों में विभाजित किया गया है और मजिस्ट्रेटों को नियमित स्थलीय निरीक्षण, विभागीय समन्वय और दैनिक समीक्षा करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप अधिक भीड़ वाले स्थानों पर पिंक टॉयलेट, महिलाओं के लिए फीडिंग रूम, सैनिटरी वेंडिंग मशीन, पर्याप्त पेयजल, सक्रिय शौचालय, कूड़ेदान और कूड़ा वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। यात्रा क्षेत्र में विद्युत व सोलर लाइटिंग का काम जारी है; लगभग 450 लाइटें कार्यशील हैं और शेष जल्द लगाए जा रहे हैं। सभी लाइटों का परीक्षण, विद्युत कनेक्शन, अतिरिक्त हाईमास्ट व सोलर लाइटें लगाने तथा समयबद्ध सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने पैदल मार्गों की मरम्मत व बजरीकरण, पेयजल स्रोतों और पार्किंग की व्यवस्था, प्रमुख स्थलों पर मार्गदर्शक साइनेज तथा जलभराव व भूस्खलन संभावित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के उपाय भी सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉली की अग्रिम तैनाती, पार्किंग व सेवा स्थलों पर निर्धारित दरों की सूची प्रदर्शित करना, पुलिस समन्वय से बैरिकेडिंग और यातायात व भीड़ नियंत्रण की कार्ययोजना संबंधित हितधारकों के साथ साझा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने प्रत्येक सेक्टर से सुझाव व फीडबैक प्राप्त किए और जिन स्थानों पर कमियाँ शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में दूर करने का आदेश दिया। सभी विभागों को समन्वित रूप से नियमित निरीक्षण, रिपोर्टिंग तथा श्रद्धालुओं के प्रति सहयोगात्मक व संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में एडीएम एफ.आर. चौहान, एएमए जिला पंचायत संजय खंडूरी, एसडीएम चतर सिंह चौहान, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page