उत्तराखण्ड
सलेड़ी-खेरोला से खड़की-नौकुचियाताल बाईपास मोटर मार्ग का निर्माण शुरू



कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया निर्माण कार्य का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार और भीमताल को जाम से मिलेगी निजात
भीमताल। भीमताल ब्लॉक के सलेड़ी, खेरोला, खड़की, सिलोटी और नौकुचियाताल क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सलेड़ी-खेरोला से खड़की-सिलोटी होते हुए नौकुचियाताल तक प्रस्तावित बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
मोटर मार्ग के अभाव में क्षेत्र के ग्रामीणों को अपने सामान को मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। वहीं, मरीजों को घोड़े अथवा कंधे के सहारे मुख्य मार्ग तक लाने की मजबूरी रहती थी। नौकुचियाताल पहुंचने के लिए ग्रामीणों और पर्यटकों को भीमताल होकर गुजरना पड़ता था, जिससे भीमताल के तल्लीताल क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी।
क्षेत्रीय ग्रामीणों ने लंबे समय से कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण की मांग की थी। ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को राज्य योजना के अंतर्गत डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री से मार्ग निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब मार्ग निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है।
इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। ग्रामीणों के साथ-साथ नौकुचियाताल आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि बाईपास बनने के बाद भीमताल के तल्लीताल क्षेत्र में लगने वाले जाम से भी काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ कुमाऊं की जनता को भी लाभ मिलेगा। इससे ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और क्षेत्र के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्य के शुभारंभ पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया तथा वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर उनका आभार व्यक्त किया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण एवं नव निर्माण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति और कार्य शुरू कराने के लिए मंत्री राम सिंह कैड़ा का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

















