Connect with us

उत्तराखण्ड

जनता मिलन में भूमि धोखाधड़ी, परिवहन और उपभोक्ता हितों से जुड़ी शिकायतों पर आयुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश,,

हल्द्वानी, आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत द्वारा कैंप कार्यालय हल्द्वानी में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भूमि धोखाधड़ी, परिवहन व्यवस्था, पारिवारिक विवाद और उपभोक्ता हितों से संबंधित कई मामले सामने आए। आयुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई के निर्देश दिए।

रामनगर क्षेत्र में भूमि धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया, जिसमें यह पाया गया कि प्रतिपाल सिंह कड़ाकोटी नामक व्यक्ति ने कृषि भूमि खरीदी और उसे आगे बेच दिया, लेकिन खरीदारों को यह जानकारी नहीं दी कि उक्त भूमि केवल कृषि प्रयोजन हेतु ही उपयोग की जा सकती है। इस मामले में तहसीलदार को निर्देश दिए गए कि भूमि कृषि प्रयोजन हेतु बेची गई है या नहीं, और वर्तमान में उसका उपयोग आवासीय या वाणिज्यिक रूप में तो नहीं हो रहा, इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

भूमि धोखाधड़ी का एक और मामला बाजपुर क्षेत्र से सामने आया, जिसमें आयुक्त ने एसडीएम को माप एवं सत्यापन कर प्रकरण का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

काठगोदाम क्षेत्र में पेट्रोल में पानी की मिलावट की शिकायत पर आयुक्त ने स्वतः संज्ञान लिया। यह खबर सामने आई थी कि काठगोदाम स्थित एक पेट्रोल पंप पर तेल में पानी की मिलावट की शिकायत सामने आई थी, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। इस पर आयुक्त ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल जांच करने और पेट्रोल पंप स्वामी को स्पष्टीकरण सहित तलब करने के निर्देश दिए।

रामपुर रोड क्षेत्र के नागरिकों ने शिकायत की कि भारी ट्रांसपोर्ट वाहन आवासीय क्षेत्रों में खड़े किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को असुविधा हो रही है। आयुक्त ने गोदाम स्वामियों को 10 दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने और भारी वाहनों की पार्किंग आवासीय क्षेत्रों में न करने के निर्देश दिए।

बद्रीपुरा क्षेत्र में किरायेदारी विवाद के मामले में आरोप था कि किरायेदार ने अवैध कब्जा कर संपत्ति को आगे बेच दिया है। आयुक्त ने भवन का चालान जारी करने व दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

हल्द्वानी के एक विद्यालय से जुड़ी शिकायत में छात्रा को वर्ष 2021 से 12वीं की अंकतालिका नहीं मिली थी क्योंकि उसके पिता ने शुल्क जमा नहीं किया था। आयुक्त ने पिता को 50% शुल्क जमा करने और विद्यालय को अंकतालिका सौंपने के निर्देश दिए।

एक पुराने विवाद में, जिसमें आभूषण गिरवी रखे गए थे, दोनों पक्षों की सहमति से ₹57,000 का भुगतान कर आभूषण वापस किए जाने के निर्देश दिए गए।

ट्रक दुर्घटना में घायल चालक से संबंधित मामले में आयुक्त ने आरटीओ हल्द्वानी को वाहन जब्त करने और वाहन स्वामी को बीमा राशि प्राप्त होने तक आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।

जनता मिलन कार्यक्रम में कुछ पारिवारिक मामले भी सामने आए। स्याल्दे क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि वह अपने पति से अलग रह रही है, क्योंकि उनके बीच कुछ गलतफहमियां हो गई थीं। लेकिन उनका 1.5 वर्ष का बच्चा है और अब वह पुनः साथ रहना चाहती है। आयुक्त ने दोनों पक्षों से वार्ता कर समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान भूमि विवादों की अधिकता को देखते हुए आयुक्त ने आमजन से अपील की कि भूमि क्रय से पूर्व उसकी वैधता, ऋण स्थिति, सीमांकन और संभावित कानूनी अड़चनों की जांच अवश्य कर लें। क्रय के उपरांत तत्काल चारदीवारी एवं निर्माण कर अवैध कब्जे से बचें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page