उत्तराखण्ड
चुनावी तैयारियों को धार देने आज उत्तराखंड आ रहें हैं भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, बैठकों का दौर शुरू
अजय सिंह – वरिष्ठ संवाददाता

उत्तराखंड में आगामी चुनावी सरगर्मियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीतियों को तेज कर दिया है। इसी सिलसिले में भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज, 28 मई (गुरुवार) से अपने तीन दिवसीय प्रदेश दौरे की शुरुआत कर रहे हैं। शीर्ष पद संभालने के बाद देवभूमि का यह उनका पहला आधिकारिक दौरा है, जिसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं।
सादगी से आगमन, भव्य स्वागत
तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष आज शाम करीब 04:35 बजे जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर उतरेंगे। इसके बाद वे सीधे देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय के लिए रवाना होंगे। इस यात्रा के दौरान किसी भी तरह के भारी वीआईपी काफिले या दिखावे से परहेज किया गया है, हालांकि हवाई अड्डे से लेकर पार्टी कार्यालय के रास्ते में करीब 25 मुख्य स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
पहले ही दिन महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकें
मुख्यालय पहुंचते ही नितिन नवीन बिना वक्त गंवाए संगठनात्मक कार्यों में जुट जाएंगे। शाम 6:15 बजे से उनके दौर की पहली कोर कमेटी बैठक शुरू होगी, जिसमें संगठन को मजबूत करने और आगामी योजनाओं पर मंथन किया जाएगा। इसके तुरंत बाद वे प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। इस बैठक का मुख्य एजेंडा सरकार के कामकाज की समीक्षा, करें मंत्रियों की प्रगति रिपोर्ट (रिपोर्ट कार्ड) और हालिया सर्वे रिपोर्टों का विश्लेषण करना होगा।
मुख्यमंत्री से भेंट और श्रद्धांजलि कार्यक्रम
दौरे के दूसरे दिन यानी शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। इसके पश्चात, वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी.सी. खंडूड़ी के निवास स्थान जाकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। शुक्रवार सुबह 11:00 बजे से राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल में उनके आगे के संगठनात्मक सत्र और बैठकों का सिलसिला दोबारा शुरू होगा।
