कुमाऊँ
हल्द्वानी सम्भाग में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन





22 जुलाई। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने, कर चोरी पर रोक लगाने तथा बिना वैध दस्तावेजों के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने हल्द्वानी सम्भाग में व्यापक विशेष अभियान चलाया। सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पाण्डेय के निर्देशन में 21 एवं 22 जुलाई 2026 को संचालित दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान के दौरान परिवहन विभाग की विभिन्न प्रवर्तन एवं इंटरसेप्टर टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 596 वाहनों के चालान किए, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 40 वाहनों को मौके पर ही सीज (बंद) कर दिया गया।
अभियान के दौरान विशेष रूप से BH सीरीज के टैक्स डिफॉल्टर वाहनों, अपंजीकृत वाहनों, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) वाले वाहनों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती गई। विभाग की कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
विभिन्न श्रेणियों में हुई कार्रवाई
दो दिवसीय अभियान में 57 वाहन चालकों का बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, 54 का बिना बीमा, 51 का बिना ड्राइविंग लाइसेंस, 49 का बिना HSRP अथवा वैध नंबर प्लेट, 39 का बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) मिलने पर चालान किया गया। इसके अलावा BH सीरीज के 20 टैक्स डिफॉल्टर वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि 5 अपंजीकृत वाहनों के खिलाफ भी चालान किए गए।
प्रवर्तन टीमों ने दिखाई मुस्तैदी
अभियान में विभिन्न मोबाइल एवं इंटरसेप्टर टीमों ने लगातार चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ प्रवर्तन रुद्रपुर नवीन सिंह ने सर्वाधिक 70 चालान करते हुए 3 वाहनों को सीज किया।
इंटरसेप्टर हल्द्वानी के परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार ने 65 चालान एवं 1 वाहन सीज किया। इंटरसेप्टर टनकपुर के प्रमोद चौधरी ने भी 65 चालान एवं 1 वाहन सीज किया।
प्रवर्तन दल रामनगर के सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सुरेन्द्र कपकोटी ने 62 चालान किए, जबकि सचल दल रुद्रपुर के परिवहन कर अधिकारी आनन्द प्रकाश गुप्ता ने 60 चालान किए।
इंटरसेप्टर रुद्रपुर के परिवहन कर अधिकारी गोविन्द सिंह ने 58 चालान करते हुए 11 वाहनों को सीज किया, जो अभियान के दौरान सबसे अधिक सीज की गई संख्या रही।
इसके अतिरिक्त अपराजिता पाण्डेय के नेतृत्व वाले सचल दल हल्द्वानी ने 36 चालान एवं 2 वाहन सीज, जगदीश चन्द्र ने 33 चालान एवं 2 वाहन सीज, तारकेन्द्र वैष्णव के सचल दल मझोला ने 27 चालान एवं 2 वाहन सीज, सचिन कुमार के सचल दल काशीपुर ने 25 चालान एवं 4 वाहन सीज, जितेन्द्र सिंग्वान के सचल दल-2 सुतईया ने 19 चालान एवं 1 वाहन सीज, अनुभा आर्या के सचल दल हल्द्वानी ने 17 चालान एवं 2 वाहन सीज, जबकि रिषू तिवाड़ी के प्रवर्तन दल टनकपुर ने 9 चालान एवं 2 वाहन सीज किए।
सड़क सुरक्षा और कर चोरी रोकने पर रहेगा विशेष फोकस
सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, वाहन स्वामियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा कर चोरी पर प्रभावी रोक लगाना है। उन्होंने कहा कि बिना वैध दस्तावेज, बिना HSRP, बिना बीमा तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ इसी प्रकार के विशेष औचक चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएं, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।








