उत्तराखण्ड
ऑपरेशन प्रहार के तहत काशीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हुक्का बार से 21 लोग गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंहनगर के निर्देश पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों व नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने बाजपुर रोड स्थित मून साइन कैफे हुक्का बार में छापा मारकर वहां मौजूद लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार हुक्का बार संचालक आसिफ पुत्र शेर खान हुक्का बार संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई, जबकि हुक्का पीकर लोक अवदूषण फैलाने वाले अन्य व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हुक्के और अन्य संबंधित सामान भी कब्जे में लिया है। मामले की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भी भेजी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस की अपील
काशीपुर पुलिस ने अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि वे युवाओं और बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखें तथा उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। पुलिस ने कहा कि हुक्के की आदत युवाओं को निकोटीन की लत की ओर ले जा सकती है, जिससे भविष्य में अन्य मादक पदार्थों के सेवन का खतरा बढ़ जाता है।
पुलिस का संदेश है:
“हुक्के की शुरुआत, नशे की ओर पहला कदम बन सकती है। अपने बच्चों को बचाइए, नशे के खिलाफ आवाज उठाइए।”
