उत्तराखण्ड
जनसुनवाई में एडीएम ने सुनीं जनता की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश


पिथौरागढ़, 10 अगस्त 2026। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों और आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, सिंचाई, भूमि, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और राजस्व सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामले प्रमुखता से उठाए गए।
जनसुनवाई में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत कनालीछीना में बंद पड़ी पेयजल लाइन के पुनर्निर्माण, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, एनएच मुआवजे एवं भूमि संबंधी प्रकरणों, पीडब्ल्यूडी मार्गों की सुरक्षा एवं जल निकासी, पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं तथा विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं को अपर जिलाधिकारी के समक्ष रखा।
इसके अलावा कानाधार मोटर मार्ग को खोलने, लुमती-घटधार क्षेत्र में पीएमजीएसवाई के तहत मोटर पुल निर्माण, रामगंगा नदी से हो रहे लगातार भू-कटाव के कारण आबादी और कृषि भूमि को हो रहे नुकसान तथा विभिन्न गांवों में सड़क एवं संपर्क मार्गों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने बरसात एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों से संबंधित समस्याओं से भी प्रशासन को अवगत कराया।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका परीक्षण कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को महज औपचारिकता के रूप में संबंधित विभागों को अग्रसारित करना पर्याप्त नहीं है। प्रत्येक प्रकरण में जवाबदेही तय करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। शासन और प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है तथा इसमें किसी भी स्तर की उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में उप जिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना-पत्रों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।



