Connect with us

उत्तराखण्ड

17 दिसंबर को हल्द्वानी में मनाया जाएगा जिला स्तरीय पेंशनर दिवस, 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर होंगे सम्मानित

 

मोतीराम बाबूराम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के लाल बहादुर शास्त्री सभागार में होगा आयोजन, मुख्य कोषाधिकारी की अध्यक्षता में तैयार की गई कार्यक्रम की रूपरेखा**

हल्द्वानी, 26 नवंबर। उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में आगामी 17 दिसंबर 2026 को हल्द्वानी में जिला स्तरीय पेंशनर दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनरों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए गुरुवार को कोषागार हल्द्वानी में मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भण्डारी की अध्यक्षता में पेंशनर एसोसिएशन के विभिन्न घटक संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पेंशनर दिवस के आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, सम्मान समारोह तथा अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय पेंशनर दिवस का आयोजन 17 दिसंबर को मोतीराम बाबूराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी के लाल बहादुर शास्त्री सभागार में किया जाएगा।

बैठक में वरिष्ठ पेंशनरों के सम्मान को कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा बनाने पर सहमति बनी। इसके तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को सम्मानित किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि पेंशनर समाज के अनुभवी और सम्मानित सदस्य हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में विभिन्न विभागों और संस्थानों के माध्यम से समाज एवं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव और सेवाओं का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि पेंशनर दिवस केवल सम्मान व्यक्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह पेंशनरों की समस्याओं को सुनने, उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से संवाद करने तथा उनके हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा करने का भी महत्वपूर्ण मंच है।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक वर्ष 17 दिसंबर को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तथा मुख्य कोषाधिकारी के समन्वय से जिला स्तरीय पेंशनर दिवस आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में नैनीताल जनपद में भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

बैठक में मुख्य कोषाधिकारी नैनीताल कमलेश भण्डारी, कोषाधिकारी हल्द्वानी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सहायक कोषाधिकारी तथा पेंशनर संगठनों के पदाधिकारी एस.सी. पंत, जे.सी. पंत, ई.पी.सी. जोशी, विजय कुमार तिवारी, रमेश चन्द्र पाण्डे, एल.एम. लोहनी, बी.एस. गैड़ा, वीर सिंह बिष्ट, यतीश पंत एवं गणेश चन्द्र जोशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page