Connect with us

उत्तराखण्ड

सुशीला तिवारी अस्पताल में अव्यवस्थाओं पर भड़के डीएम ललित मोहन रयाल, रैन बसेरे की बदहाली देख लगाई कड़ी फटकार

औचक निरीक्षण में गंदगी और टूटे शीशे देखकर जताई नाराजगी, बोले– क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? मरीजों को बाहर से दवाएं लिखने पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश

हल्द्वानी, 26 नवंबर। सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को अचानक अस्पताल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे की बदहाल स्थिति, गंदगी, टूटे शीशे और साफ-सफाई की खराब व्यवस्था देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरे की स्थिति देखकर पीएमएस से सवाल किया कि क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? उन्होंने कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है और अस्पताल में भर्ती मरीज पहले से ही संवेदनशील स्थिति में होते हैं। ऐसे में यदि मरीजों और उनके तीमारदारों को ठंड से परेशानी होगी तो उनकी देखभाल कौन करेगा? उन्होंने रैन बसेरे में टूटे शीशों को तत्काल ठीक कराने और मरीजों व तीमारदारों के लिए ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय प्रदेश का प्रमुख चिकित्सा संस्थान है, जहां कुमाऊं मंडल के साथ ही दूर-दराज के पर्वतीय क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और सम्मानजनक उपचार उपलब्ध कराया जाए।

बाहर से दवाएं लिखने पर जताई सख्ती जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को जेनेरिक दवाएं लिखी जाएं और अस्पताल के बाहर से दवाएं खरीदने के लिए पर्चे लिखने की व्यवस्था पूरी तरह बंद की जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही मरीजों का उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों और उनके परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

वार्डों में पहुंचकर मरीजों का जाना हाल

औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाल रोग वार्ड, महिला वार्ड, गायनी वार्ड, जनरल वार्ड और सर्जरी वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके उपचार, चिकित्सकीय सुविधाओं और अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली।

डीएम ने सर्दियों को देखते हुए अस्पताल के सभी वार्डों और कक्षों में पर्याप्त रोशनी, हीटर तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन कक्षों में नमी की समस्या है, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठंड के मौसम में मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर ठेकेदारों को चेतावनी

अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने आउटसोर्स पर कार्यरत सफाई ठेकेदार को भी कड़ी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल के सैनिटेशन, शौचालय, बाथरूम, फर्श और अन्य स्थानों की नियमित एवं मानकों के अनुरूप सफाई सुनिश्चित की जाए। अस्पताल में गंदगी रहने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित ठेकेदारों द्वारा निर्धारित मानकों और नियमों का पालन नहीं किया गया तो उनके लाइसेंस निरस्त अथवा निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन की जांच के लिए जल्द ही एक टीम द्वारा अस्पताल का निरीक्षण किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, पीएमएस डॉ. अजय आर्य, एमएस डॉ. अरुण जोशी सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं अन्य  संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page