उत्तराखण्ड
समता आश्रम में 67वें विशाल समता सत्संग सम्मेलन की धूम, सत्य, सेवा और मानवता का दिया जा रहा संदेश

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित समता आश्रम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 67वें विशाल दो दिवसीय समता सत्संग सम्मेलन का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ किया जा रहा है। 18 नवंबर से शुरू हुए इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर सत्संग का लाभ ले रहे हैं। आश्रम में सुबह 7:30 से 9:00 बजे तक तथा सायंकाल 6:30 से 8:00 बजे तक नियमित सत्संग का आयोजन किया जा रहा है।
सम्मेलन के अंतर्गत 24 एवं 25 नवंबर को विशेष भव्य सत्संग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें हल्द्वानी के साथ ही देश के विभिन्न प्रांतों से संत-महात्मा एवं सैकड़ों श्रद्धालु भाग लेकर आध्यात्मिक ज्ञान की गंगा में गोते लगाएंगे। कार्यक्रम में सत्संग के पश्चात महाआरती और गुरु लंगर का आयोजन भी किया जाएगा।
समता आश्रम में आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मानव जीवन को सत्य, सेवा, सादगी, सहनशीलता और समभाव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देना है। महामाया मंगतराम जी के हस्तलिखित ग्रंथों ‘समता विलास’ एवं ‘इंदु समता ज्ञान’ में निहित आध्यात्मिक विचारों और उपदेशों को सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जा रहा है। इन शिक्षाओं में बताया गया है कि मनुष्य को अपने जीवन में अहंकार, भेदभाव और वैमनस्य से दूर रहकर प्रेम, सद्भाव और सेवा को अपनाना चाहिए। सच्ची आध्यात्मिकता केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने आचरण और कर्मों से मानवता की सेवा करना ही जीवन की वास्तविक सार्थकता है।
सत्संग के दौरान वक्ताओं द्वारा श्रद्धालुओं को समझाया जा रहा है कि जीवन में सुख-शांति प्राप्त करने के लिए सत्य का मार्ग अपनाना, दूसरों के प्रति सद्भाव रखना और निस्वार्थ भाव से सेवा करना आवश्यक है। समता का भाव ही समाज में एकता, भाईचारे और आपसी प्रेम को मजबूत कर सकता है।
इस आध्यात्मिक आयोजन में अशोक सदाना, प्रदीप कक्कड़, विकास सचदेवा, सतीश वर्मा सहित अन्य सेवादार श्रद्धापूर्वक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं जगाधरी, इनेला, माछीवाड़ा, अंबाला, देहरादून सहित विभिन्न क्षेत्रों से संतजनों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम जारी है। आयोजन के माध्यम से समता आश्रम मानवता, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सद्भाव का संदेश दे रहा है। सेवादार देवानंद सिंधी ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सत्संग, महाआरती और गुरु लंगर का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।







