Connect with us

उत्तराखण्ड

आईआईटी रुड़की ने आईआईटी के रूप में पूरे किए 25 वर्ष, 180वें वर्ष की गौरवशाली विरासत में किया प्रवेश

स्थापना दिवस पर कर्नाटक की राज्यपाल एवं संस्थान की पूर्व छात्रा डॉ. सुधा यादव ने की शिरकत, प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को किया गया सम्मानित; उद्यमिता, डीप टेक और एआई पर हुआ मंथन

रुड़की, 25 नवंबर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की ने बुधवार को अपना स्थापना दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। इस अवसर पर संस्थान ने आईआईटी के रूप में अपने 25 वर्ष पूरे किए और वर्ष 1847 से चली आ रही अपनी गौरवशाली संस्थागत विरासत के 180वें वर्ष में प्रवेश किया। देश के सबसे पुराने तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शामिल आईआईटी रुड़की ने शिक्षा, इंजीनियरिंग, विज्ञान, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

स्थापना दिवस समारोह में कर्नाटक की राज्यपाल एवं आईआईटी रुड़की की पूर्व छात्रा डॉ. सुधा यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष प्रो. प्रेम व्रत तथा टाटा केमिकल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के अध्यक्ष आर. मुकुंदन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत, उपनिदेशक प्रो. प्रवीण कुमार, अधिष्ठाता संसाधन एवं पूर्व छात्र मामले प्रो. योगेश शर्मा सहित देश-विदेश से आए प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों, शिक्षाविदों, उद्योगपतियों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

समारोह के तहत 24 नवंबर से ही विभिन्न गतिविधियों का आयोजन शुरू हो गया था। इसमें प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों, सफल उद्यमियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ विशेष संवाद सत्र आयोजित किए गए। ‘बिल्डिंग बिग’, ‘डीप टेक एंड एआई’ और ‘फायर चैट’ जैसे विषयों पर आयोजित सत्रों में व्यावसायिक नेतृत्व, तकनीकी नवाचार, उद्यमिता और भविष्य की तकनीकों पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार नए विचारों को व्यावहारिक और प्रभावशाली समाधानों में बदला जा सकता है।

मुख्य अतिथि डॉ. सुधा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अपनी मातृ संस्था आईआईटी रुड़की लौटना उनके लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1847 में स्थापित इस संस्थान ने भारत के इंजीनियरिंग, वैज्ञानिक और तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जल संसाधन, भूकंप इंजीनियरिंग, आपदा न्यूनीकरण, स्वच्छ ऊर्जा और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में संस्थान का शोध समाज की चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और अनुसंधान को समाज की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ें तथा जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ नवाचार को आगे बढ़ाएं। साथ ही पूर्व छात्र समुदाय से अपनी मातृ संस्था के साथ सक्रिय जुड़ाव बनाए रखने और नई पीढ़ी के विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं सहयोग देने की अपील की।

स्थापना दिवस के अवसर पर पांच किलोमीटर की ‘रन फॉर लेगेसी’ दौड़ का आयोजन किया गया। इसके अलावा 1999 बैच के सहयोग से विकसित विभिन्न अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। संस्थान परिसर में आयोजित प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी में विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं ने अपनी अनुसंधान क्षमताओं, नवाचारों और तकनीकी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया।

प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित।स्थापना दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण पूर्व छात्र पुरस्कार समारोह रहा। इसमें शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, उद्योग, उद्यमिता और लोक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पूर्व छात्रों को तीन श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार 2026 से प्रो. फैसल इरशाद खान, प्रो. दिनेश मोहन, पदम सिंह, रुचि वर्मण्य, डॉ. राजकुमार उपाध्याय, राजेश कुमार पाठक, डॉ. कपिल गर्ग, संजय शर्मा, सर्वेश महेश, सुमित जैन, डॉ. ए.के. सभरवाल और प्रो. ई. बालागुरुसामी को सम्मानित किया गया।

वहीं, प्रतिष्ठित युवा पूर्व छात्र पुरस्कार 2026 श्री रूपेश कुमार और सुश्री नवनीत चहल को प्रदान किया गया। उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार 2026 से डॉ. ओम प्रकाश कुलश्रेष्ठ, नवनीत बुटान, अंबुज कुमार और डॉ. श्रेयस कुमार को सम्मानित किया गया।

स्टार्टअप और उद्यमिता को मिलेगा प्रोत्साहन आईआईटी रुड़की ने नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्व छात्रों के नेतृत्व में ‘एलुमनी-लेड वेंचर वॉल्ट’ पहल भी शुरू की है। प्रिसर्व के सहयोग से आयोजित इस पहल के माध्यम से उभरते उद्यमियों को पुरस्कार राशि, प्री-इन्क्यूबेशन सहायता और उनके व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

कार्यक्रमों की श्रृंखला 26 नवंबर को संस्थान की प्रतिष्ठित पूर्व छात्रा सुश्री विनिता गुप्ता के विशेष व्याख्यान के साथ आगे बढ़ेगी। वर्ष 2005 में प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार से सम्मानित विनिता गुप्ता ‘ब्रेकिंग ग्राउंड: एन एंटरप्रेन्योरियल जर्नी’ विषय पर अपनी उद्यमशीलता यात्रा और अनुभव साझा करेंगी। उन्हें अमेरिका में आईपीओ के माध्यम से अपनी कंपनी को सार्वजनिक करने वाली भारतीय मूल की पहली महिला के रूप में पहचान मिली है।

शिक्षा, अनुसंधान और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।इस अवसर पर आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने कहा कि संस्थान की 180 वर्षों की यात्रा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में कई पीढ़ियों के योगदान का प्रतीक है। आईआईटी के रूप में 25 वर्ष पूरे करना भी संस्थान समुदाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में शैक्षणिक उत्कृष्टता, अंतर्विषयी अनुसंधान और राष्ट्रीय एवं वैश्विक महत्व की चुनौतियों के समाधान विकसित करने की दिशा में अपने प्रयासों को और मजबूत करेगा। अधिष्ठाता संसाधन एवं पूर्व छात्र मामले प्रो. योगेश शर्मा ने कहा कि आईआईटी रुड़की की वैश्विक पहचान बनाने में उसके पूर्व छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी उपलब्धियां, नेतृत्व क्षमता और संस्थान के प्रति निरंतर जुड़ाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने पूर्व छात्र नेटवर्क को और मजबूत करने तथा संस्थान के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।।आईआईटी रुड़की का यह स्थापना दिवस केवल एक समारोह नहीं, बल्कि संस्थान की ऐतिहासिक उपलब्धियों, शैक्षणिक उत्कृष्टता और भविष्य की संभावनाओं का उत्सव भी रहा। 1847 से शुरू हुई गौरवशाली यात्रा के 180वें वर्ष में प्रवेश और आईआईटी के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के साथ संस्थान ने एक बार फिर अनुसंधान, तकनीकी नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page