उत्तराखण्ड
काठगोदाम में तीन लाख की स्मैक के साथ ब्लिंकिट का पूर्व डिलीवरी कर्मी गिरफ्तार

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और SOG की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को 10 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पैसों के लालच में नशे के कारोबार से जुड़ने की बात स्वीकार की है।
मुख्यमंत्री के ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि और ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में काठगोदाम पुलिस एवं SOG की संयुक्त टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की।
24 नवंबर को कैनाल रोड काठगोदाम में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान भास्कर तिवारी उर्फ भानु (32 वर्ष), पुत्र कैलाश चंद्र तिवारी, निवासी सेंट पॉल स्कूल के पीछे काठगोदाम के रूप में हुई है।
बनभूलपुरा रेलवे फाटक के पास से खरीदकर लाया था स्मैक
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता था, लेकिन वर्तमान में उसके पास कोई नौकरी नहीं थी। पुलिस के मुताबिक, आर्थिक तंगी और पैसों के लालच में उसने स्मैक के अवैध कारोबार में कदम रखा। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह बनभूलपुरा क्षेत्र में किसी रेलवे फाटक के पास से स्मैक खरीदकर लाया था।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी स्मैक किससे खरीदता था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। साथ ही नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली काठगोदाम में मुकदमा अपराध संख्या 144/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए भी जांच की जा रही है।
संयुक्त टीम को मिली सफलता।इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार (प्रभारी चौकी मल्ला काठगोदाम), कांस्टेबल भानू ओली (SOG), कांस्टेबल करतार, कांस्टेबल दिनेश राणा और महिला कांस्टेबल शीला कुंवर शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि नशे की तस्करी या बिक्री से संबंधित कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।







